यूपी की बड़ी खबरें:शाहजहांपुर में खड़े ट्रक में घुसीं दो रोडवेज बसें, 29 यात्री घायल

Spread the love

शाहजहांपुर में रविवार को हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक से दो रोडवेज बसें टकरा गईं। हादसे में 29 लोग घायल हो गए। इनमें एक बस हरिद्वार से लखनऊ जा रही थी। जबकि दूसरी बस सीतापुर जा रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोग पहुंच गए। स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से दोनों बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया। दोनों बसों में कुल 92 यात्री सवार थे। हादसा तिलहर कोतवाली क्षेत्र के धनेली पल्टू गांव का है। पढ़ें पूरी खबर… बाराबंकी में टायर फटने से बोलेरो पलटी, महिला समेत 3 की मौत; 7 घायल बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार को बोलेरो पिछला टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बोलेरो में सवार एक महिला समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 7 अन्य घायल हो गए। घायलों में 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। सभी लोग अयोध्या से लखनऊ के मोहनलालगंज में आयोजित राधा स्वामी सत्संग में शामिल होकर लौट रहे थे। इस दौरान लोनी कटरा थाना क्षेत्र के नेरा कबूल गांव के पास 20 किमी पॉइंट पर हादसा हो गया। पढ़ें पूरी खबर… कन्नौज में रोटावेटर में फंसकर युवक के हुए तीन टुकड़े: खेत की जुताई करते समय गिरा, परिजनों में चीख-पुकार मची कन्नौज में खेत की जुताई करवा रहे युवक की रोटावेटर में फंसकर दर्दनाक मौत हो गई। रविवार शाम को एक किसान मक्का की बुवाई के लिए खेत की जुताई करवा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर के पीछे रोटावेटर के ऊपर बैठ गया। जुताई करते वक्त झटका लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह लड़खड़ाते हुए रोटावेटर में फंस गया। युवक के शरीर की हड्डियां टूट गईं। जिसके बाद शरीर तीन टुकड़ों में बंट गया। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस कर्मी वहां पहुंच गए। जिसे बाद में खींच-खींच कर निकाला गया। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मामला विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के भोजपुर अमटिया गांव का है। पढ़ें पूरी खबर… अयोध्या में युवक की गोली मारकर हत्या, जमीन पर कब्जे को लेकर हुआ था झगड़ा अयोध्या में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और गाली-गलौज हुई। आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज का विरोध किया, जिससे दूसरा पक्ष नाराज हो गया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उस पर फायर कर दिया। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान भूपेंद्र सिंह (40) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई। परिजनों के अनुसार, भूपेंद्र ने एक महीने पहले जमीन खरीदी थी और रविवार को वह उस पर कब्जा लेने गया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया। घटना गोसाईगंज थाना क्षेत्र की है। यहां पढ़ें पूरी खबर योगी बोले- त्योहारों पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं; उपद्रवियों पर ऐसी कार्रवाई हो, नजीर बने सीएम योगी ने शनिवार रात होली, रमजान, ईद और नवरात्रि जैसे त्योहारों को लेकर सभी जिलों के अफसरों के साथ हाईलेवल मीटिंग की। सख्ती से कहा- माहौल बिगाड़ने वाले उपद्रवियों पर ऐसी कार्रवाई हो, जो नजीर बने। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होली पर ‘रंग में भंग’ डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। सीएम ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, शोभायात्राओं में विशेष सतर्कता बरतने, होलिका दहन समितियों-पीस कमेटियों की बैठकें कराने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। योगी ने कहा कि पर्व-त्योहार उल्लास और भाईचारे का प्रतीक हैं, किसी को आहत करने का माध्यम नहीं। CM ने अभद्र गीत-संगीत पर रोक, कानफोड़ू लाउडस्पीकर हटाने, सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी और अफवाहों के त्वरित खंडन के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। गोरखपुर में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से मची भगदड़, लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ आरोपी अरेस्ट गोरखपुर के कैंट इलाके स्थित नेपाल क्लब में शुक्रवार देर रात करीब 1:40 बजे शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अचानक लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वहां मौजूद मेहमानों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद कुछ वरिष्ठ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके हाथ से रिवाल्वर छीन ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्लब के संचालक अतुल कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर पुलिस ने दहशत फैलाने व हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपी संतोष कुमार सिंह निवासी घसियारीपुर, कोतवाली देहात बहराइच को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की रिवाल्वर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा मिस राउंड बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर… कानपुर में पेड़ की छांव में बैठी महिला को स्कॉर्पियो ने रौंदा, विधायक के बेटे के आर्शीवाद समारोह में आई थी कार कानपुर के निराला नगर स्थित रेलवे मैदान में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पेड़ की छांव में बैठी 45 वर्षीय लक्ष्मी को सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मैदान में विधायक के बेटे का आशीर्वाद समारोह चल रहा था, जिसमें शामिल होने आए कुछ लोग स्कॉर्पियो से पहुंचे थे। इसी दौरान वाहन ने पीछे से लक्ष्मी को टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन आरोप है कि बैक करते समय गाड़ी दोबारा महिला के ऊपर चढ़ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे हैलट ले जा रहे थे, तभी रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका के पति गोपाल कश्यप मजदूरी करते हैं और परिवार में पांच बच्चे हैं। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार स्कॉर्पियो का नंबर यूपी-78 एचवी 6030 बताया जा रहा है। गोविंद नगर थाना प्रभारी रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है और वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…