डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के मेरठ सर्किट हाउस पहुंचने से पहले ही बुधवार शाम को विवाद हो गया। हॉल में बैठे पार्टी पदाधिकारी को पुलिस ने बाहर निकाल दिया। इसकी सूचना मिलते ही भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी दनदनाते हुए सर्किट हाउस पहुंचे। महानगर अध्यक्ष SHO से बोले- दिमाग ठीक कर दूंगा। तुम्हें बता रहा हूं बिल्कुल ठीक हो जाओ। कार्यकर्ताओं की बेइज्जती बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। शोर सुनकर CO सिविल लाइन अभिषेक तिवारी वहां पहुंचे और स्थिति को संभाला। पढ़ें पूरी खबर… बाराबंकी में टेंट कारोबारी ने लाइसेंसी पिस्टल से सीने में गोली मारी, मरने से पहले जय माता दी का मैसेज भेजा बाराबंकी में एक टेंट कारोबारी ने गोली मारकर सुसाइड कर लिया। कारोबारी ने बाथरूम में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सीने में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर पिता जब कमरे में पहुंचे तो खून से लथपथ शव मिला। आनन-फानन में कारोबारी को अस्पताल ले जाया गया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोली मारने के 35 मिनट पहले कारोबारी ने दोस्तों को ‘जय माता दी’ का मैसेज भेजा था। मृतक के पिता राजेंद्र प्रसाद रो-रोकर बस यही कहते रहे- कौन सा ऐसा कर्म हो गया था जो ये दुख देखने को मिला। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर… पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की रिहाई में होगी देरी, दूसरे धोखाधड़ी के केस में बी वारंट जारी; लखनऊ शिफ्ट किया जाएगा धोखाधड़ी के मामले में देवरिया जिला कारागार में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को जिला जज की अदालत से जमानत मिल गई है। हालांकि, लखनऊ में दर्ज एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में जारी बी-वारंट के कारण उनकी रिहाई में देरी होगी। उन्हें फिलहाल देवरिया जेल से लखनऊ जेल स्थानांतरित किया जाएगा। अमिताभ ठाकुर ने 1999 में देवरिया में एसपी रहते हुए अपनी पत्नी नूतन के नाम से औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लॉट खरीदा था। इसी प्लॉट से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में सितंबर में लखनऊ के तालकटोरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 10 दिसंबर को अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। तब से वह देवरिया जिला जेल में बंद हैं। पढ़ें पूरी खबर… बिजनौर में मालगाड़ी का इंजन फेल, कई ट्रेनें प्रभावित; वंदे भारत एक घंटे तक खड़ी रही बिजनौर में मालगाड़ी का इंजन फेल होने से रेल यातायात बाधित हो गया। इस कारण नगीना रेलवे स्टेशन पर लिंक एक्सप्रेस करीब 45 मिनट तक खड़ी रही, जबकि धामपुर रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस को लगभग एक घंटे तक रोके रखा गया। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना सरकंडा चकराजमल रेलवे स्टेशन के पास की है, जहां एक मालगाड़ी का इंजन अचानक खराब हो गया। यह रेलखंड सिंगल लाइन होने के कारण इंजन फेल होते ही नगीना, नजीबाबाद और हरिद्वार रोड की ओर से आने-जाने वाली सभी ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया। बाद में मुरादाबाद से इंजन मंगाकर सभी ट्रेनों को रवाना कर दिया गया।पढ़ें पूरी खबर… मेरठ में कारोबारी के परिवार को बंधकर बनाकर 10 लाख की डकैती, कटर से काटे गहने मेरठ में बदमाशों ने कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर 10 लाख रुपए की नकदी और गहने लूट लिए। 6-7 बदमाश हथियार लेकर छत के रास्ते से घर में घुसे। असलहे के दम पर 9 लोगों को बंधक बनाकर सभी के मोबाइल फोन छीन लिए। करीब 30 मिनट तक पूरे घर को खंगालते रहे। बदमाशों ने घर के सभी बक्से और आलमारियों को तोड़-तोड़कर गहने और नकदी लूट लिए। लूट के बाद बदमाशों ने परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर… उन्नाव में अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्राम प्रधान की मौत, बिल्हौर मार्ग पर देर रात हुआ हादसा उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात 12:30 बजे सड़क हादसे में नानामऊ गांव के प्रधान की मौत हो गई। यह हादसा बिल्हौर मार्ग पर बेरिया गाढ़ा मोड़ के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और प्रधान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। पूरी खबर पढ़िए… ग्रेटर नोएडा में फायरमैन का बैरक में फंदे से शव लटका मिला, माता-पिता के निधन के बाद तनाव में था ग्रेटर नोएडा में एक फायरमैन का बैरक में फंदे से शव लटका मिला है। ड्यूटी पर न पहुंचने पर साथी कर्मियों ने उसे कॉल की। कॉल रिसीव न होने पर एक अन्य फायरमैन उसकी बैरक में देखने गया। कमरे का दरवाजा बंद था। इसके बाद उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। फिर खिड़की से झांककर देखा तो फायरमैन संदीप फंदे से लटका दिखाई दिया। फायरमैन ने तुरंत इसकी जानकारी अन्य पुलिस कर्मियों को दी। मौके पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। इसके बाद संदीप के शव को नीचे उतारा। पढ़ें पूरी खबर… गोरखपुर में सड़क हादसे में दो की मौत, दो बाइकों की भिड़ंत में 2 अन्य की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती गोरखपुर में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से स्थानीय सीएचसी पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दोनों बाइक सवार बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पढ़िए पूरी खबर NEET-पीजी का मामला हाईकोर्ट पहुंचा; ओबीसी, SC-ST को ‘माइनस 40’ नंबर पर काउंसिलिंग को चुनौती नीट-पीजी 2025 में कट-ऑफ घटाने का मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंच गया है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) के उस फैसले को जनहित याचिका के जरिए चुनौती दी गई है, जिसमें एससी-एसटी और ओबीसी श्रेणी के उम्मीदवारों को 800 में से माइनस 40 नंबर पर भी काउंसलिंग की अनुमति दी गई है। याचिकाकर्ता एडवोकेट अभिनव गौर ने इसे संविधान के अनुच्छेद 16(4) के खिलाफ बताते हुए कहा है कि इस फैसले से मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया की पवित्रता खत्म हो जाएगी। याचिका में बताया गया कि 19 अगस्त 2025 को घोषित नीट-पीजी परिणाम मूल इंफॉर्मेशन बुलेटिन के अनुसार थे, जिसमें जनरल/ईडब्ल्यूएस के लिए 50, जनरल-पीडब्ल्यूडी के लिए 45 और एससी-एसटी-ओबीसी के लिए 40 पर्सेंटाइल तय था। लेकिन काउंसलिंग के दूसरे राउंड के बाद 18 हजार से अधिक सीटें खाली रहने पर बोर्ड ने क्वालिफाइंग क्राइटेरिया में भारी कटौती कर दी। जनरल (ईडब्ल्यूएस) की कट-ऑफ 276 से घटाकर 103, जनरल-पीडब्ल्यूडी की 255 से 90 और एससी-एसटी-ओबीसी की 235 से घटाकर माइनस 40 कर दी गई। याचिका में तर्क दिया गया है कि इससे सार्वजनिक स्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा प्रभावित होगी, जो संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत स्वास्थ्य और जीवन के अधिकार का गंभीर मुद्दा है। पढ़ें पूरी खबर… संभल में पूर्व मंत्री और सपा विधायक के बेटे में मारपीट; एसडीएम और सीओ के सामने भिड़े दोनों पक्ष संभल में भूमि विकास सहकारी समिति सभापति पद के नामांकन के दौरान बवाल हो गया। मंगलवार को पूर्व मंत्री अजीत कुमार राजू और सपा विधायक रामखिलाड़ी यादव के बेटे अखिलेश यादव के बीच मारपीट हो गई। घटना गुन्नौर सहकारी बैंक शाखा पर एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में हुई। बहस के बाद दोनों पक्षों के समर्थक भी आपस में भिड़ गए। इसके बाद पुलिस को उन्हें खदेड़ना पड़ा। दोनों पक्षों में एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। अफसरों ने जांच की बात कही है। पढ़ें पूरी खबर मिर्जापुर में धर्म परिवर्तन मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, दो हिरासत में; चार जिम सीज मिर्जापुर में एक जिम संचालक और ट्रेनर के खिलाफ धर्म परिवर्तन कराने, शोषण और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। धर्म परिवर्तन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस कार्रवाई कर 4 जिम सीज कर दिया है। पीड़िता का आरोप है कि जिम ट्रेनर ने उसे प्रेम जाल में फंसाया। उसके बाद धीरे-धीरे उस पर दबाव बनाना शुरू किया। आरोप है कि आरोपी युवक ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। पढ़ें पूरी खबर… लखीमपुर में महिला की मौत पर बवाल, पति ने प्रेमी पर गर्भपात कराने का आरोप लगाया लखीमपुर खीरी में एक महिला की मौत हो गई। घटना के समय पति दिल्ली में था। मौत की सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचा तो उसने पत्नी के प्रेमी पर जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया। पति का कहना है कि प्रेमी ने उसकी पत्नी को गर्भपात की दवा खिलाई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद मंगलवार को जैसे ही महिला का शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। इसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और आरोपी प्रेमी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए गांव में चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मामला सिंगाही थाना क्षेत्र का है।पढ़ें पूरी खबर…
यूपी की बड़ी खबरें:मेरठ में SHO से बीजेपी महानगर अध्यक्ष बोले- दिमाग ठीक कर दूंगा, डिप्टी CM के आने से पहले हंगामा
