फिरोजाबाद में पार्सल वैन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। शनिवार दोपहर अपनी बहन के ससुराल सामान देने जा रहा था। इसी दौरान जब वह तेल भराने के लिए मुड़ा, तभी सामने से आ रही पार्सल वैन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक करीब 5 फीट दूर जाकर गिर पड़ा। वहीं उसके साथ लाया गया सब्जी और खाने का सामान सड़क पर फैल गया। हादसे की आवाज सुनते ही राहगीर तुरंत मौके पर दौड़ पड़े और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। हादसा शिकोहाबाद–एटा मार्ग स्थित जसराना बाईपास पेट्रोल पंप के पास हुआ। पढ़िए पूरा मामला गोल्डन टेंपल के सरोवर में कुल्ला करने वाला गिरफ्तार: गाजियाबाद में निहंगों ने घेरकर पीटा, फिर पुलिस को सौंपा अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला करने वाले मुस्लिम युवक की शनिवार को गाजियाबाद में निहंगों ने पिटाई कर दी। वह निहंग विक्की थॉमस के साथ वीडियो में नजर आया। इस दौरान उसके साथ बैठे ही किसी निहंग ने उसे थप्पड़ जड़ा। इसके बाद कुल्ला करने वाला और उसका वीडियो बनाने वाला यानी दोनों युवक माफी भी मांगते हुए नजर आए। जिसके बाद युवक को गाजियाबाद पुलिस को सौंप दिया गया। पढ़िए पूरी खबर… कृष्णा करुणेश होंगे नोएडा के नए CEO; 2011 बैच के IAS अफसर, गोरखपुर DM रह चुके हैं IAS कृष्णा करुणेश, नोएडा के नए CEO होंगे। वे अथॉरिटी में एसीईओ हैं। कृष्णा करुणेश 2011 बैच के IAS अधिकारी हैं। वे मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। वह गोरखपुर के डीएम भी रह चुके हैं। कुशीनगर के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रहे कृष्णा करुणेश गाजियाबाद में एसडीएम, मुख्य विकास अधिकारी व गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के पद पर तैनात रहे। मथुरा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पुलिस में खींचातानी, अर्धनग्न अवस्था में अहिल्याबाई पार्क में धरने पर बैठे काशी मणिकर्णिका घाट पर चल रहे काम के दौरान अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के लगाए जा रहे आरोप प्रत्यारोप के बीच शनिवार को मथुरा में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में पार्टी के नेता दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने के लिए जाने से पहले डैंपियर नगर में एकत्रित हुए। जहां पुलिस ने उनको आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस में जमकर खींचातानी हुई। पढ़ें पूरी खबर… मिर्जापुर में किराना दुकान में भीषण विस्फोट, 10 दुकानें ध्वस्त, 10 गावों तक धमाकों की गूंज मिर्जापुर में किराना दुकान में देर रात भीषण विस्फोट हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि 10 दुकानें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं। आसपास के 10 गांवों तक धमाके की गूंज सुनाई दी। लोग सहम उठे और डर के मारे अपने घरों के बाहर निकल आए। एक दुकान का शटर उड़कर करीब 15 मीटर दूर जा गिरा। आसपास के कई मकानों और दुकानों की दीवारों में दरार आ गईं। वहीं आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया। विस्फोट की सूचना पर दुकान का मालिक मौके पर पहुंचा, तभी वह भी मलबे और आग की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से BHU के लिए रेफर कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर… अलीगढ़ में जाम देख भड़के SSP; ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत 4 सस्पेंड, सड़क पर बस खड़ी कर भर रहे थे सवारियां अलीगढ़ की बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था और सड़कों पर लग रहे लंबे जाम को लेकर एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सख्त कार्रवाई कर दी। अचानक हालत जानने पहुंचे एसएसपी ने देखा रोडवेज बसें बीच सड़क पर खड़ी होकर सवारियां भर रही थीं। इससे भीषण जाम लगा हुआ था। जबकि मौके पर तैनात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के बजाय आपस में बैठकर गपशप कर रहे थे। इसके बाद एसएसपी ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर कमलेश कुमार समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। पढ़िए पूरी खबर इटावा में प्रतिबंधित कफ सिरप की 40 हजार बोतलें जब्त, 3 गिरफ्तार इटावा पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी है। इस मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी किया है। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक आयशर कंटेनर और कार से 40 हजार कफ सिरप की बोतलें और 4 लाख 35 हजार रुपए बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस ने इसे अवैध तस्करी बताते हुए एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर… झांसी में सड़क हादसे में दो की मौत,ऑटो से जाते समय अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर झांसी में एक अज्ञात वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान कैरोखर निवासी जानकी (18) और सीतारमैया गौतम (55) के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार रात 11 बजे गुरसरांय-गरौठा रोड पर लोहिया महिला महाविद्यालय के पास की है। यहां पढ़ें पूरी खबर सीतापुर में बाइक की टंकी फटने से लगी आग, युवक जिंदा जला; साथी गंभीर, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर सीतापुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक की टंकी फटने से आग लग गई। जिससे एक युवक की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया। मामला रामकोट थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार हरदोई–सीतापुर मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर गिरते ही उसकी टंकी फट गई। जिससे देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पढ़ें पूरी खबर… सुल्तानपुर में ट्रकों के फर्जी रजिस्ट्रेशन, नंबर बदलने वाले गिरोह का खुलासा; STF ने गिरोह पकड़ा, चेचिस नंबर बदलकर करोड़ों के लोन लिए यूपी एसटीएफ ने सुल्तानपुर में ट्रकों के फर्जी रजिस्ट्रेशन और नंबर बदलकर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। STF ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुल्तानपुर बाईपास रोड के पास एक गैराज में ट्रकों के इंजन और चेसिस नंबरों से छेड़छाड़ कर रहे थे। STF को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग गैराज में ट्रकों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर फर्जी कागजात तैयार कर रहे हैं। इस सूचना पर उप निरीक्षक तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में STF टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी कर आरोरियों को गिरफ्तार किया। पढ़ें पूरी खबर… नोएडा के शिवनादर समेत 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी नोएडा के शिव नादर समेत 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के साथ पहुंची। स्कूल में छुट्टी कर परिसर को खाली कराया। थोड़ी देर में पैरेंट्स भी पहुंच गए और बच्चों को घर लेकर गए। फिलहाल, पुलिस स्कूल में तलाशी कर रही है। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। जिन 5 स्कूलों को धमकी मिली है, उसमें फादर एंगल स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल, शिव नादर पब्लिक स्कूल, श्री राम मिलेनियम स्कूल और रामाज्ञा स्कूल शामिल है। यहां पढ़ें पूरी खबर
यूपी की बड़ी खबरें:फिरोजाबाद में पार्सल वैन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, 5 फीट दूर जा गिरा; बहन की ससुराल जा रहा था
