दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे साइबर क्राइम गिरोह का पर्दाफाश किया है जो खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों से ऑनलाइन पैसों की जबरन वसूली और ठगी करता था। पुलिस ने 7 राज्यों में छापेमारी करके गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 66 शिकायतें दर्ज थीं, जिनमें 50 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी जुड़ी हुई है। डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि यह मामला 7 दिसंबर को शाहीन बाग थाने में दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता तनबीर अहमद को वॉट्सऐप वीडियो कॉल पर धमकाकर 99,888 रुपए ठगे गए थे। ठगों ने खुद को कर्नाटक पुलिस का अधिकारी बताया और कहा कि उनके आधार व मोबाइल नंबर से गंभीर अपराध जुड़े हैं। डर की वजह से शिकायतकर्ता ने पैसे भेज दिए। पुलिस ने साइबर ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान और ओडिशा में एकसाथ छापेमारी की। जांच में सामने आया कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र चौहान, सोमवीर सैनी, मोहम्मद एहतेशामुल हक, संतोष कुमार खंडाई, मुहम्मद बुगारी पीपी, मुहम्मद शाहिद टी, नितेश कुमार, देव उर्फ सोनू एसपी, इम्तियाज और महेश्वर पुंटिया उर्फ अजय पुंटिया के रूप में की है। आज की अन्य बड़ी खबरें… केरल में निकाय चुनाव हारने के बाद UDF प्रत्याशी ने आत्महत्या की केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के अरुविक्कारा में हाल ही में संपन्न स्थानीय निकाय चुनाव में हारने के बाद यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के प्रत्याशी विजयकुमारन नायर ने आत्महत्या कर ली। मणंबूर वार्ड से चुनाव लड़ने वाले नायर को सिर्फ 149 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की। पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद उन्होंने फंदा लगाकर जान दे दी। तिरुवनंतपुरम नगर निगम में एनडीए ने पहली बार जीत हासिल की है, जो एलडीएफ के 40 साल पुराने राज का अंत है। 101 वार्डों में एनडीए को 50, एलडीएफ को 29 और UDF को 19 सीटें मिलीं। ग्राम पंचायत स्तर पर UDF ने 505 में बढ़त बनाई। असम में 2.95 करोड़ की ड्रग्स जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार असम पुलिस ने कचार और कार्बी आंगलोंग जिलों में पुलिस ने कुल 2.95 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की हैं और 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी। मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि कार्बी आंगलोंग जिले में पुलिस ने 8.225 किलो अफीम जब्त की जिसकी कीमत करीब 55 लाख रुपये है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं कचार जिले में दो अलग-अलग ऑपरेशन में 388 ग्राम हेरोइन और 58 हजार बर्मी सिगरेट जब्त की गई हैं जिनकी कीमत करीब 2.4 करोड़ रुपये है। इस दौरान चार तस्करों को पकड़ा गया।
भास्कर अपडेट्स:दिल्ली पुलिस ने फर्जी पुलिस बनकर ठगी करने वाले गिरोह को पकड़ा, 7 राज्यों में छापेमारी की, 10 आरोपी गिरफ्तार
