दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) आईजीआई एयरपोर्ट पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विंटर फॉग एक्सपेरिमेंट (वाईफेक्स) के डेटा का उपयोग करेगा, ताकि धुंध और कोहरे के कारण उड़ानों में होने वाली देरी और व्यवधानों को कम किया जा सके। DIAL के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा, वाईफेक्स 85% से अधिक सटीकता के साथ यह बता सकता है कि धुंध या कोहरा कब शुरू होगा, कितना घना होगा और कब छंटेगा। यह प्रारंभिक जानकारी एयरलाइंस, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और ग्राउंड टीमों के बीच सक्रिय योजना और सुचारू समन्वय को सक्षम करेगी, जिससे उड़ानों में देरी कम होगी और यात्रियों के लिए यात्रा अनुभव अधिक भरोसेमंद साबित होगा। इस प्रोजेक्ट में तापमान, आर्द्रता, वायु प्रोफाइल, एरोसोल, प्रदूषण कण, विकिरण, कोहरे की सूक्ष्म भौतिकी और दृश्यता में बदलाव से जुड़ा डेटा अत्याधुनिक उपकरणों जैसे लाइडार, सीलोमीटर, विकिरण सेंसर, एरोसोल काउंटर और रिमोट सेंसिंग टावरों के जरिए एकत्र किया जाता है। आज की अन्य बड़ी खबरें… कर्नाटक के सरकारी स्कूल में करंट लगने से 11 साल की बच्ची की मौत कर्नाटक के रायचूर में शुक्रवार को एक सरकारी स्कूल में बिजली का झटका लगने से 11 साल की एक लड़की की मौत हो गई। लड़की की पहचान तनुश्री के रूप में हुई है, वह सिंदूर तालुक के कुरुकुंडा गांव के सरकारी लोअर प्राइमरी स्कूल में क्लास 5 की छात्रा थी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना दोपहर के खाने के ब्रेक के दौरान हुई, जब छात्रा स्कूल परिसर में पानी पीने गई थी। वह स्कूल में लगे वाटर प्यूरीफिकेशन यूनिट से जुड़े एक लाइव तार के संपर्क में आ गई थी। पुलिस ने बताया कि उसे तुरंत मेडिकल मदद के लिए ले जाया गया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना के बाद निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। पश्चिम बंगाल के नए डीजीपी बने पीयूष पांडे, कोलकाता पुलिस के कमिश्नर बने सुप्रतिम सरकार पश्चिम बंगाल में पुलिस के डिपार्टमेंट में गुरुवार को बड़ा बदलाव किया गया। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पीयूष पांडे को राज्य का नया डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) नियुक्त किया गया है। वहीं, दक्षिण बंगाल के एडीजी रहे सुप्रतिम सरकार को कोलकाता पुलिस का नया आयुक्त बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक वर्तमान डीजीपी राजीव कुमार शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के मद्देनज़र यह अहम प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी अब विनीत गोयल को सौंपी गई है, जिन्हें एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, राज्य के एडीजी एसटीएफ पद की जिम्मेदारी जावेद शमीम को दी गई है। वहीं, पूर्व कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा को डायरेक्टर ऑफ सिक्योरिटी बनाया गया है।
भास्कर अपडेट्स:दिल्ली एयरपोर्ट पर धुंध से उड़ानों की देरी में कमी लाने में इस्तेमाल होगा वाईफेक्स डेटा
