गोवा के कृषि मंत्री रवि नाइक की बुधवार को कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। वे 79 साल के थे। रवि नाइक दो बार गोवा के मुख्यमंत्री भी रह चुके थे। उन्हें घर पर कार्डियक अरेस्ट हुआ। इसके बाद उन्हें एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को पोंडा स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। रवि नाइक ने पोंडा के पार्षद के रूप में अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था। वे 1984 में, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) के टिकट पर पोंडा से पहली बार विधायक बने। रवि 1991 में मुख्यमंत्री बने और लगभग 28 महीने तक इस पद पर रहे। 2 अप्रैल, 1994 को वे दूसरी बार गोवा के CM बने। हालांकि, सिर्फ 6 दिन पद पर रहे। वे 1998 में उत्तरी गोवा से कांग्रेस के सांसद भी रहे। फिर, अक्टूबर 2000 में भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने 2002 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा छोड़ दी और कांग्रेस में शामिल हो गए। 2007 में, कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में नाइक ने पार्टी को सरकार बनाने में मदद की और पांच साल तक गृह मंत्री रहे। 2021 में, वे दूसरी बार भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने 2022 का विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर पोंडा से लड़ा और जीत हासिल की। बाद में उन्होंने प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली शराब नीति केस- केजरीवाल को जमानत मामले में ईडी को आखिरी मौका, अगली सुनवाई 10 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने 2021-22 के शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दी गई जमानत को चुनौती देने वाली याचिका पर बहस करने का प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को आखिरी मौका दिया है। केजरीवाल के वकील द्वारा बार-बार स्थगन पर आपत्ति जताए जाने के बाद मंगलवार को यह फैसला आया। केजरीवाल के वकील ने कहा कि यह जांच एजेंसी द्वारा बिना किसी कारण के लिया गया नौवां स्थगन है, जिसके बाद कोर्ट ने मामले को 10 नवंबर के लिए लिस्ट कर दिया।
भास्कर अपडेट्स:गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व CM रवि नाइक की कार्डियक अरेस्ट से मौत
