दिल्ली स्थित साउथ एशियन यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ सोमवार रात यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सुबह 3 बजे मैदानगढ़ी पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल आई और घटना की जानकारी दी गई। यह कॉल लड़की के किसी जानने वाले ने की थी। लड़की की काउंसलिंग की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक लड़की ने कोई बयान नहीं दिया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… जम्मू कश्मीर: LoC के पास सेना ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सोमवार रात LoC के पास सेना ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि, यह घुसपैठ कुंबकडी के वन क्षेत्र में रोकी गई। सुरक्षा बलों की जॉइंट टीम ने जवाबी गोलीबारी की। फिलहाल सर्च ऑपरेशन चलाया गया है। गुजरात: भावनगर में तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिरा, घायल अस्पताल में भर्ती गुजरात में भावनगर के आनंदनगर इलाके में एक तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढह गया। भावनगर के DSP आरआर सिंघल ने कहा कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। रेस्क्यू की टीम मौके पर पहुंची है। तालिबानी मंत्री के ‘भव्य स्वागत’ पर जावेद अख्तर बोले- सिर शर्म से झुका गीतकार जावेद अख्तर ने अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी को भारत में दिए गए भव्य सम्मान और स्वागत की आलोचना की। अख्तर ने विशेष रूप से सहारनपुर के दारुल उलूम देवबंद की भी आलोचना की, जिन्होंने मुत्ताकी का सम्मानपूर्वक स्वागत किया। अख्तर ने कहा, ‘दुनिया के सबसे खूंखार आतंकी समूह तालिबान के प्रतिनिधि को मंच पर बोलने वालों द्वारा दिए गए सम्मान को देखकर मेरा सिर शर्म से झुक गया। देवबंद को भी शर्म आनी चाहिए। तालिबान ने लड़कियों की शिक्षा पर प्रतिबंध लगाया है।’
भास्कर अपडेट्स:दिल्ली में एक यूनिवर्सिटी की छात्रा से यौन उत्पीड़न, पीड़ित की काउंसलिंग की जा रही
