विंटर सेशन से पहले CM सैनी ने बुलाई कैबिनेट मीटिंग:CM आवास में होगी; विधायक दल की बैठक भी होगी, साथ में करेंगे डिनर

Spread the love

हरियाणा विधानसभा के विंटर सेशन से ठीक एक दिन पहले सीएम नायब सैनी ने कैबिनेट मीटिंग बुला ली है। ये मीटिंग चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास पर होगी। मीटिंग से पहले विधायक दल की बैठक में सीएम सभी विधायकों से उनके द्वारा दिए गए प्रश्नों पर चर्चा करेंगे। साथ ही अपने सहयोगी मंत्रियों से भी विंटर सेशन की रणनीति पर मंथन करेंगे। विधायक दल की मीटिंग में हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी शामिल होंगे। विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने डिनर का आयोजन किया है। अभी तक की रणनीति में तय किया गया है कि सीएम सैनी सदन में फ्रंट फुट पर पार्टी रखने की तैयारी कर रही है। 22 तक सेशन चलने की तैयारी
विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी, जिसमें सत्र की अवधि तय होगी। फिलहाल 22 दिसंबर तक सत्र चलने की संभावना है। बीच में दो दिन शनिवार और रविवार का अवकाश है। वहीं कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सदन में सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की जा चुकी है। भाजपा के पास विपक्ष के हर हमले का जवाब है। सरकार ने शीतकालीन सत्र आरंभ होने से पहले ही प्राकृतिक आपदा से नुकसान हुई फसलों का मुआवजा किसानों के खातों में डाल दिया है। आंकड़ों पर खेलेगी सरकार रोहतक के गांव लाखनमाजरा के बास्केटबाल खिलाड़ी हार्दिक की प्रेक्टिस के दौरान हुई मृत्यु के बाद सरकार वहां के जिला खेल अधिकारी को निलंबित कर चुकी है। राज्य की कानून व्यवस्था में सुधार का दावा करने के लिए सरकार के पास तमाम आंकड़े हैं। पिछले 2 माह के दौरान करीब 9 हजार अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है। धान घोटाले में कई अधिकारियों व मिलरों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। मंत्रियों से सवालों के जवाब पर चर्चा करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य सरकार के मंत्रियों से उन सवालों पर बात करेंगे, जोकि विपक्ष के विधायकों द्वारा सदन में उठाए जाने वाले हैं। विपक्षी विधायकों द्वारा पहले ही यह सवाल विधानसभा सचिवालय के पास भेज दिए गए हैं, जिनके जवाब विभागों की ओर से तैयार किए जा रहे हैं। शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार तीन विधेयक भी लेकर आ रही है, जिन्हें सदन में पास करवाने के लिए विधायकों की उपस्थिति जरूरी है। मुख्यमंत्री सदन में विपक्ष के सामने बजट सत्र के दौरान की गई घोषणाओं और चुनाव के समय घोषणा पत्र में की गई घोषणाओं के संबंध में भी रिपोर्ट पेश कर सकते हैं।