शाजापुर में 36 साल के रेस्टॉरेंट संचालक गौरव शर्मा ने जहर खा लिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इससे पहले उसने दो वीडियो बनाए, जिसमें अपनी इस हालत के लिए ससुर और साले को जिम्मेदार ठहराया। घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे द्वारकापुरी कॉलोनी की है। गौरव ने वीडियो में कहा- मैं आज अपना जीवन समाप्त करने जा रहा हूं। मेरी इस स्थिति के लिए सिर्फ मेरे ससुर जिम्मेदार हैं, जिन्होंने मेरा घर-परिवार बर्बाद कर दिया। मेरे साले कपिल व्यास ने भी कभी नहीं चाहा कि किसी का घर बसे। पति-पत्नी के आपसी झगड़े में ससुर ने इतनी ‘राजनीति’ की कि मेरा जीवन बर्बाद हो गया। प्रशासन से अनुरोध है कि मेरे ससुर और साले को सजा-ए-मौत दी जाए। बताया जा रहा है कि गौरव शर्मा ने मुरादपुर रोड पर जहर खाया। गंभीर हालत में उसे इंदौर रेफर किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। वीडियो में कहा- ससुर और साले ने की राजनीति
ससुराल पक्ष से चल रहा था विवाद
कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि गौरव और उनके ससुराल पक्ष के बीच पहले से ही तनातनी चल रही थी। युवक की पत्नी ने उस पर पहले मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी, वहीं गौरव शर्मा ने भी अपने ससुर और साले के खिलाफ थाने में आवेदन दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के विवाद की फाइल पहले से खुली हुई थी। मुरादपुर-भरण रोड पर खाया जहर
इसके बाद बुधवार दोपहर करीब गौरव बाइक से मुरादपुर-भरण रोड पर गया और जहर खा लिया। इसके बाद अचानक युवक की तबीयत खराब हुई और वह सड़क पर ही बेहोश हो गया। इस दौरान मौके से गुजर रहे लोगों ने उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद पुलिस को गौरव शर्मा के दोनों वीडियो मिल चुके हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है। गौरव शर्मा ने 14 जनवरी को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके अनुसार, जेल प्रहरी ससुर दिलीप व्यास और साला कपिल व्यास उसकी पत्नी सुमन शर्मा को जबरन पचोर ले जाने लगे। गौरव ने बच्चे की तबीयत खराब होने का हवाला देकर सुबह ले जाने का अनुरोध किया, लेकिन वे नहीं माने। बालाजी एवरफ्रेश के सामने समझाने पर दोनों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर लात-घूंसे व बेल्ट से मारपीट की, जिससे पीठ, कमर व हाथ में चोट आई। झूमा झटकी में मोबाइल भी टूट गया। बीच-बचाव दीपेंद्र गोंड़ व राकेश सोलंकी ने किया था। ससुर शुजालपुर जेल में जेल प्रहरी के पद पर पदस्थ हैं। दोनों की शादी को 14 साल पहले हुई थी। गौरव शर्मा का बस स्टैंड पर मां कृपा रेस्टॉरेंट है।
जहर खाने से पहले रेस्टॉरेंट संचालक ने बनाए दो वीडियो:बोला- जेल प्रहरी ससुर ने मेरा घर बर्बाद किया, उन्हें मौत की सजा मिले
