भोपाल में पुलिस हेडक्वार्टर (PHQ) के सामने 17 दिसंबर की रात पकड़े गए 26 टन गोमांस के मामले में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। पूछताछ में पता चला है कि यहां से गोमांस अरब देशों में सप्लाई किया जाता था, जबकि हड्डियां चीन भेजी जाती थीं। मामले में स्लॉटर हाउस का संचालक असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा मुख्य आरोपी है। उससे गुरुवार से शुक्रवार रात तक दो अलग-अलग अधिकारियों ने करीब 16 घंटे तक पूछताछ की। वह लगातार पुलिस को गुमराह कर रहा है और बरामद मांस को अपना मानने से इनकार कर रहा है। असलम ने पुलिस को बताया कि माल की पैकिंग केवल स्लॉटर हाउस में हुई थी, लेकिन वह आगरा की एक प्रतिष्ठित एग्रो फूड कंपनी का था। पुलिस ने असलम से उसके बिजनेस पार्टनर्स और करीबी गुर्गों की जानकारी हासिल की है। साथ ही, स्लॉटरिंग से पहले जानवरों का चेकअप करने वाले डॉक्टर बेनी प्रसाद गौर की भूमिका को लेकर भी जानकारियां जुटाई गई हैं। वहीं, ट्रक ड्राइवर शोएब से भी अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। शोएब ने स्वीकार किया है कि उसे प्रति ट्रिप 10 से 15 हजार रुपए मिलते थे। हालांकि, शोएब का कहना है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि कंटेनर में गोमांस भरा है। विदेशों में भी फैला है कारोबार
असलम का कारोबार विदेशों तक फैला हुआ है। पुलिस को चाइना से भी असलम के कारोबार जुड़े होने की जानकारी मिली है। इस संबंध में पूछताछ जारी है। पूछताछ के दौरान असलम ने बताया कि उसका माल शिपिंग कंटेनरों के जरिए मुंबई भेजा जाता था और वहां से गल्फ देशों में सप्लाई किया जाता था। वहीं, कई राज्यों बिहार, बेंगलुरु, हैदराबाद और महाराष्ट्र में भी असलम का कारोबार फैला हुआ है। इस बात की पुष्टि खुद असलम ने पूछताछ में की है। 25 जनवरी तक रिमांड पर हैं दोनों आरोपी
असलम चमड़ा और उसके ड्राइवर शोएब को प्रोडक्शन वारंट पर 25 जनवरी तक रिमांड पर लिया गया है। एसीपी उमेश तिवारी के मुताबिक, मामले के संबंध में आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। नगर निगम की अनियमितताएं सामने आईं
जिंसी स्थित नगर निगम के स्लॉटर हाउस में गायों का वध किए जाने और गोमांस मुंबई भेजे जाने के मामले में नगर निगम प्रशासन की सीधी भूमिका सामने आई है। नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी वह पत्र भी सामने आ चुका है, जिसके आधार पर मांस को स्लॉटर हाउस से बाहर ले जाने की अनुमति दी गई थी। स्लॉटर हाउस शुरू करने से संबंधित अनुमति एमआईसी ने दी थी। यह प्रस्ताव परिषद में भी नहीं लाया गया। इसके चलते वेटनरी डॉक्टर बेनी प्रसाद गौर को संभागायुक्त संजीव सिंह ने सस्पेंड कर दिया था। स्लॉटर हाउस से इन कर्मचारियों को किया सस्पेंड
स्लॉटर हाउस में तैनात वसीम खान, सलीम खान, राजा खान, शेख यूसुफ, वहीद खान, मोहम्मद फैयाज खान, ईसा मोहम्मद और अब्दुल रहमान को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, युसूफ खान, अब्दुल हकीम और मोहम्मद रफीक को नोटिस थमाए गए हैं। नगर निगम कार्यालय से फाइल जब्त की
पुलिस ने शुक्रवार को नगर निगम से स्लॉटर हाउस से जुड़ी फाइलें और दस्तावेज जब्त किए। इनमें वर्ष 2014-15 से अब तक के टेंडर, अनुमति पत्र और अन्य रिकॉर्ड शामिल हैं। प्रभारी सहायक यंत्री सौरभ सूद समेत दो कर्मचारियों को लगातार दो दिन से जहांगीराबाद थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। मंत्री सारंग ने कहा था, कठोरतम दंड दिया जाएगा
इधर, मामले पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि गोमांस या गोकशी के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। चाहे व्यापारी हो या अधिकारी, दोषी पाए जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की मंशा साफ है कि ऐसी कार्रवाई की जाए, जो भविष्य के लिए नजीर बने। उन्होंने कहा कि यदि गोमाता की कटाई सिद्ध होती है तो इसे सामान्य अपराध नहीं, बल्कि हत्या जैसा गंभीर अपराध मानते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर कठोरतम दंड दिया जाएगा। मंत्री सारंग ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति और आस्था का केंद्र है और उसके संरक्षण के प्रति सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई न बरती जाए और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… 1. भोपाल में मांस के पैकेट से भरा ट्रक पकड़ाया भोपाल में बुधवार रात करीब 12 बजे मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) के सामने एक ट्रक हिंदू संगठन के लोगों पकड़ा है। ट्रक की तलाशी में भारी संख्या में मांस के पैकेट मिले हैं। संगठन के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि पैकेटों में गौ मांस है। पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. स्लॉटर हाउस का मकसद-शर्तें क्या? हर कड़ी की पड़ताल भोपाल में गोमांस मिलने के मामले में अब आधुनिक स्लॉटर हाउस से जुड़ी पूरी फाइल की गहन जांच की तैयारी है। नगर निगम के उच्च स्तर पर निर्णय लिया गया है कि टेंडर की शर्तें तय होने से लेकर टेंडर आवंटन और अंत में कमिश्नर के हस्ताक्षर तक की हर कड़ी की पड़ताल होगी। पूरी खबर पढ़ें 3. करणी सेना-हिंदूवादी संगठनों ने निगम दफ्तर घेरा भोपाल के आधुनिक स्लॉटर हाउस की गाड़ी में मिले मांस में गोमांस की पुष्टि होने के बाद ‘शहर सरकार’ चारों तरफ से घिर गई है। विपक्ष लगातार महापौर और एमआईसी (मेयर इन कौंसिल) का इस्तीफा मांग रहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
भोपाल से गोमांस अरब देश, चाइना जाती थीं हडि्डयां:ड्राइवर को एक ट्रिप के लिए 15 हजार देते थे; स्लॉटर हाउस के संचालक-ड्राइवर ने किया खुलासा
