अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान के विरोध में इस्तीफा देने वाले PCS अफसर अलंकार अग्निहोत्री को पुलिस अपनी कस्टडी में बरेली से लखनऊ लेकर आई है। उनके घर के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। बरेली में बुधवार दोपहर पुलिस जब उन्हें कस्टडी में लेने पहुंची थी तो उनके 400 समर्थक जुट गए। जैसे ही तीन गाड़ियां बाहर निकलीं, समर्थक गाड़ियों के सामने लेट गए। वे नारेबाजी करने लगे और कुछ लोग कारों पर चढ़ गए। इस दौरान उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। एक इंस्पेक्टर के ऊपर अलंकार का समर्थक गिर पड़ा। दोनों सड़क पर औंधे मुंह गिर गए। इंस्पेक्टर ने वर्दी पर हाथ डालने और स्टार नोचने का आरोप लगाया। हाथापाई की नौबत आ गई। लोगों ने बीच-बचाव कराया। इस दौरान लोग रोते हुए कह रहे थे कि वह हमारे नायक हैं, उनके साथ नाइंसाफी हो रही है। हम गाड़ी को आगे नहीं बढ़ने देंगे। करीब 10 मिनट तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद पुलिस ने समर्थकों को खदेड़ दिया और अधिकारी को लेकर चली गई। ADM सौरभ दुबे ने बताया- सिटी मजिस्ट्रेट को हम लोग उनके घर लेकर जा रहे हैं। इससे पहले अलंकार अग्निहोत्री अपने आवास में अधिकारियों के साथ बैठक करते नजर आए। उन्होंने पहले विक्ट्री का साइन बनाया, इसके बाद उंगलियों को गन की तरह कनपटी पर रखकर गोली मारने का इशारा किया। वे पहले दिन से अपनी जान को खतरा बता रहे हैं। दरअसल, सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार मंगलवार शाम से हाउस अरेस्ट में थे। उनके आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस तैनात थी। बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्हें लेने के लिए तीन गाड़ियां उनके आवास पर पहुंचीं। इसकी जानकारी मिलते ही मजिस्ट्रेट के समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। 20 मिनट तक अधिकारी अंदर रहे, इसके बाद उन्हें बरेली से बाहर ले जाया गया। बुधवार सुबह अलंकार अग्निहोत्री ने आवास के गेट के अंदर से दैनिक भास्कर से बात की। उन्होंने कहा- मुझे घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है, लेकिन राज्यभर के कई संगठन संपर्क में हैं। आने वाले समय में हम बड़े फैसले लेंगे। यूजीसी का नया नियम छात्रों को जातियों में बांट देगा। शिक्षण संस्थानों में कलह बढ़ेगी। देश में गृहयुद्ध जैसी स्थिति बनने का खतरा है। तस्वीरें देखिए- अब तक क्या-क्या हुआ, जानिए अफसर के इस्तीफे के बाद पल-पल के अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
बरेली सिटी मजिस्ट्रेट का कनपटी पर बंदूक रखने का इशारा:पहले विक्ट्री साइन दिखाई, फिर जान को खतरा जताया; समर्थक पुलिसवालों से भिड़े
