आवारा गोवंश 30 सितंबर तक गौशालाओं में संरक्षित हों, अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

जिलाधिकारी ने आवारा गौवंश की समस्या पर विशेष ध्यान देते हुए सभी अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत को निर्देश दिए कि थानाध्यक्षों के सहयोग से 30 सितम्बर तक अभियान चलाकर आवारा गौवंश को निकटवर्ती गौशालाओं में भिजवाना सुनिश्चित करें। अभियान के दौरान आवश्यकता अनुसार पुलिस बल भी तैनात रहे। उन्होंने मृत गोवंशों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम में कार्मिकों की नियुक्ति करने के निर्देश भी दिए।

मुख्य विकास अधिकारी व खंड विकास अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में निवास करने के निर्देश दिए गए, साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी क्षेत्रीय निवास सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिशाषी अभियंता लघु सिंचाई को निर्देशित किया गया कि खराब ट्यूबवेलों की मरम्मत कर उन्हें संचालित किया जाए तथा धनाभाव होने पर शासन से बजट की मांग की जाए।

जिलाधिकारी ने अवैध खनन पर सख्त रुख अपनाते हुए खनन अधिकारी को चेतावनी दी कि खनन विभाग की जिम्मेदारी है कि अवैध खनन पर रोक लगाई जाए। इसके लिए पुलिस व उप जिलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित चेकिंग व प्रवर्तन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।