पलवल जिले में नूंह-होडल मार्ग पर सौंध गांव के निकट रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार चाची और उसके भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वे दोनों अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। मुंडकटी थाना पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा मुंडकटी थाना प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के गांव कराहरी निवासी अफजाल ने दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाई तुषार, चाची साकरा, उनके दो बच्चों और चाचा जंग मोहम्मद के साथ हथीन उपमंडल के आलीमेव गांव में एक बुजुर्ग की मौत पर शोक व्यक्त करने आए थे।
शाम करीब सात बजे जब वे अलग-अलग बाइकों पर वापस लौट रहे थे, तो गांव सौंध के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रक ने तुषार की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर ही दो की मौत, बच्चे घायल टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल तुषार और चाची साकरा को तुरंत सरकारी अस्पताल पलवल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाइक पर सवार बच्चे भी घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया, चालक की तलाश जारी मुंडकटी थाना पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक तुषार के भाई अफजाल की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि ट्रक नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।
पलवल में एक्सीडेंट में चाची-भतीजे की मौत:रिश्तेदारी से अंतिम संस्कार से लौट रहे थे; बाइक को ट्रक ने ठोका, 2 बच्चे घायल
