हरियाणा के नारनौल में शराब ठेके पर तीन अज्ञात युवकों द्वारा सेल्समैन से मारपीट कर शराब, नकदी और मोबाइल फोन लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव गाहड़ा निवासी इन्द्रजीत ने थाना सदर नारनौल में दी शिकायत में बताया कि वह संदीप पोसवाल के शराब ठेकों की देखरेख करता है। बड़कोदा बाईपास के पास स्थित अंग्रेजी व देशी शराब के ठेके पर धर्मेंद्र पुत्र हसराज निवासी तिमानपुर, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। मुंह पर लगा रखा था नकाब धर्मेंद्र ने फोन पर सूचना दी कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए, जिन्होंने मुंह कपड़े से ढक रखे थे। एक युवक बाहर बाइक पर खड़ा रहा, जबकि दो युवक लाठी-डंडों के साथ अंदर घुस आए और उसके साथ मारपीट की। नकदी व मोबाइल लूटा आरोपियों ने 13 बोतल रॉकफोर्ड अंग्रेजी शराब, करीब 14,800 रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूट लिया। घायल धर्मेंद्र को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल नारनौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको हायर सेंटर रेफर किया। पुलिस ने किया मामला दर्ज सूचना पर एएसआई अजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बाद में शिकायत व एमएलआर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) व 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
नारनौल में शराब ठेके पर हमला, सेल्समैन से लूट:तीन नकाबपोश बाइक सवारों पर केस दर्ज, नकदी, मोबाइल व शराब ले गए
