कैथल में युवक और पुलिसकर्मियों के बीच बहस,VIDEO:बाइक पर नंबर प्लेट न होने पर रोका, इंटरव्यू के लिए पटियाला जा रहा था

Spread the love

कैथल के गुहला क्षेत्र में इंटरव्यू के लिए जा रहे एक युवक को पुलिस की टीम ने रोक लिया। पुलिस कर्मचारियों द्वारा जब युवक से बाइक के दस्तावेज मांगे गए तो वह नहीं दिखा सका और गुहार लगाई कि वह इंटरव्यू के लिए जा रहा है। 10 बजे उसका पेपर और इंटरव्यू है, लेकिन काफी देर तक पुलिस नहीं मानी। युवक ने इसका एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो तीन दिन पहले का बताया जा रहा है। युवक गांव हेमुमाजरा का रहने वाला है और पेपर के लिए पंजाब के पटियाला शहर में जा रहा था। उसकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। जैसे ही युवक पटियाला रोड पर पहुंचा तो डायल 112 टीम के कर्मचारियों ने उसे रोक लिया और दस्तावेज दिखाने के लिए कहा। हालांकि बाद में पुलिस ने युवक के परिजनों को मौके पर बुलाया और मामले को शांत करवा दिया, लेकिन उस दौरान पुलिसकर्मियों और युवक के बीच काफी बहस हुई। वीडियो में क्या बोले पुलिस कर्मी वीडियो में पुलिसकर्मी उसे दस्तावेज दिखाने के बाद जाने देने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। इस पर युवक कहता है कि आप लोग मेरे साथ धक्का कर रहे हैं। जवाब में पुलिसकर्मी कहता है कि वे धक्का नहीं कर रहे, आप हमारे साथ चलो। इस पर युवक कहता है कि क्या वे चालान कटवाने के लिए खुद थाने में जाएंगे। साथ ही कहता है कि पटियाला में उसका पेपर है। युवक बोला- समय के बाद पेपर करवाएं तो साथ चल पड़ूंगा युवक ने कहा कि अगर पुलिस समय निकलने के बाद उसका पेपर दिलवा दे तो वह साथ चलने के लिए तैयार है। युवक ये भी कहता है कि उसे जाने दें, उसका पेपर लेट हो रहा है और पुलिसकर्मी केवल अपनी ही सुनाते जा रहे हैं। मामले को लेकर जब गुहला एसएचओ रमेश कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि युवक के परिजनों को मौके पर पूछताछ कर तुरंत उसे अपने गंतव्य पर भेज दिया गया। कुछ मिनट के लिए ही युवक से पुलिस ने बातचीत की थी। जैसे युवक ने बताया कि उसे पेपर के लिए जाना है तो पुलिस ने परिवार के सामने दस्तावेज जांचकर युवक को वहां से भेज दिया।