इस अवसर पर समाहरणालय सभागार में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने चुनाव कार्यक्रम, आचार संहिता के प्रावधानों तथा प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
आचार संहिता लागू होने के साथ ही निर्वाचन कार्य से संबंधित सभी कोषांगों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उपचुनाव की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए 15 कोषांगों का गठन किया गया है, जिनके माध्यम से विभिन्न चरणों में कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। इनमें निर्वाचन, संचार योजना और निर्वाचक नामावली, कार्मिक, प्रशिक्षण, ईवीएम सहित अन्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारियों को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किया गया है।
