हिसार जिले के कैमरी गांव में आपसी झगड़े के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग जगदीश की ईंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजन गंभीर हालत में जगदीश को हिसार के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब गांव की एक गली में कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। शोर सुनकर जगदीश अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसी दौरान हमलावरों ने गुस्से में आकर जगदीश पर ईंट से हमला कर दिया। ईंट उनके पेट में लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। अस्पताल में मृतक के परिजनों से की मारपीट आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की और परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब कथित हमलावर नागरिक अस्पताल तक पहुंच गए। आरोप है कि अस्पताल परिसर में भी उन्होंने मृतक के परिजनों के साथ मारपीट की, जिससे वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। घर पर भी हमला, सीसीटीवी कैमरे तोड़े मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि अस्पताल की घटना के बाद हमलावर उनके घर तक पहुंच गए और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। इससे परिवार में डर और आक्रोश का माहौल है। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आजाद नगर थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिसार में झगड़े में बुजुर्ग को मारी ईंट, मौत:दो पक्षों में हो रहे विवाद में बचाव कर रहे थे, अस्पताल में भी परिजनों से मारपीट
