पहले जन्मदिन पर चाय के पतीले पर गिरा मासूम:पानीपत में परिवार केक काटने की तैयारी कर रहा था, खेलते हुए बेड से लुढ़का

Spread the love

हरियाणा के पानीपत में एक साल का मासूम बच्चा अपने पहले जन्मदिन से पहले ही झुलस गया। परिवार उसके पहले जन्मदिन की तैयारी कर रहा था और लगभग डेढ़-दो घंटे बाद केक काटना था। इसी बीच, बच्चा बिस्तर से लुढ़ककर गर्म चाय के पतीले पर गिर गया। चाय गिरने से वह बुरी तरह झुलस गया। बेटे को अस्पताल लेकर पहुंचे पिता ने नम आंखों से बताया कि उन्होंने रात 12 बजे बेटे का पहला जन्मदिन मनाने के लिए केक मंगवाया था, लेकिन होनी को कुछ और ही मंज़ूर था। झुलसे हुए बच्चे का इलाज अस्पताल में जारी है। यहां पढ़िए, पिता ने घटना के बारे में क्या-क्या बताया… 2 घंटे बाद कटना था पहले जन्मदिन का केक
पिता अनिल ने नम आंखों से बताया कि 15 जनवरी 2025 को दिव्यांशु का जन्म हुआ था। 14 जनवरी की रात वह बहुत खुश थे क्योंकि उनका सबसे छोटा बेटा एक साल का होने वाला था। उन्होंने रात 12 बजे दिव्यांशु का पहला जन्मदिन मनाने के लिए केक मंगवाने और उसे काटने की पूरी तैयारी कर रखी थी। एक मजदूर पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार बेटे के लिए खुशियां बटोरी थीं, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। 15 जनवरी शुरू होने से ठीक 2 घंटे पहले यानी रात 10 बजे यह भयानक हादसा हो गया। जिस हाथ में केक होना चाहिए था, अब उन हाथों पर पट्टियां बंधी हैं।