डबवाली में बुजुर्ग ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की:जमीनी विवाद और मानसिक उत्पीड़न से तनाव में थे; सुसाइड से पहले वीडियो में बताई व्यथा

Spread the love

सिरसा जिले के डबवाली-हनुमानगढ़ रेलवे ट्रैक पर शनिवार दोपहर एक 67 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर लाइव होकर अपने परिवार के कुछ सदस्यों पर जमीनी विवाद और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अबूबशहर ढाणी के रहने वाले सतपाल सिवर ने शनिवार दोपहर गांव लोहगढ़ अबूबशहर के पास बंद पड़े रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनूपगढ़ से बठिंडा जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 04772 जब डबवाली-बठिंडा रेलवे ट्रैक पर किलोमीटर 50/14-15 के पास पहुंची, तो सतपाल सिवर अचानक ट्रेन के सामने आ गए। ट्रेन चालक पृथ्वीराज ने तुरंत ट्रेन रोक दी, लेकिन तब तक सतपाल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की जानकारी ट्रैकमैन हरि सिंह मीणा ने जीआरपी चौकी मंडी डबवाली को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उपमंडल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सोशल मीडिया लाइव में लगाए गंभीर आरोप पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से पहले सतपाल सिवर ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर अपने ही परिवार के कुछ लोगों पर जमीन को लेकर विवाद और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए थे। वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि पारिवारिक विवाद के चलते वह लंबे समय से तनाव में थे। पुलिस कर रही वीडियो और बयानों की जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही, परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।