पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित प्रिंस रेसीडेंसी में बुजुर्ग दंपत्ति को डिजीटल अरेस्ट करने का मामला सामने आया है। रिटायर्ड FCI के कर्मी श्यामानंद झा(80वर्ष) अपनी पत्नी के साथ दुर्गा पूजा मानने मुंबई से पटना आए थे। इसी बीच उनके मोबाइल फोन पर 8 अक्टूबर को कॉल आया। सामने वाले ने खुद को नारकोटिक डिपार्टमेंट का अधिकारी बताकर 8 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक घर में कैद रहने पर मजबूर रखा। इस दौरान बुजुर्ग दंपत्ति से 27 लाख की फिक्स डिपोजिट भी तुड़वाई गई। बेटी ने पुलिस को किया फोन बुजुर्ग दंपत्ति की बेटी सुनीता ने पाटलिपुत्र थाने की पुलिस को फोन कर के कहा कि उनके माता पिता दुर्गा पूजा में पटना गए थे। पिछले 5 दिनों से बातचीत ठीक तरीके से नहीं कर पा रहे हैं। कुछ अज्ञात लोगों ने दोनों को हाउस अरेस्ट कर के रखा है। इसके बाद पाटलिपुत्र SHO अतुलेश सिंह ने वरीय अधिकारियों को सूचना देते हुए विशेष टीम गठित की। जिसमें एडिशनल SHO विशाल सिंह, अर्चना कुमारी, गुड्डू कुमार सिंह, लालचंद प्रसाद समेत अन्य पदाधिकारियों को शामिल किया। बेटी के द्वारा दी गई लोकेशन पर जब पुलिस पहुंचीं तो डर से बुजुर्ग दंपत्ति गेट नहीं खोल रहे थे। काफी कोशिश के बाद उन्होंने गेट खोला। अंदर जब पुलिस गई उस वक्त तक दंपत्ति पर शातिर वीडियो कॉलिंग के जरिए नजर बनाए हुए थे। पुलिस ने दोनों का रेस्क्यू कर के थाने पर लाई और पूछताछ की। जिसमें बुजुर्ग दंपत्ति ने बताया कि 8132930118 नंबर से कॉल आया था। सामने वाले ने कॉल रिसीव करने के बाद बोला कि अंधेरी मुंबई नारकोटिक्स डिपार्टमेंट से बोल रहा हूं। आगे बताया कि आपके नाम से एक थाईलैंड का पार्सल जब्त किया गया है। जिसमें 2 kg हीरोइन, पासपोर्ट, ATM कार्ड और आपके नाम का आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। आपकी अब पूरी जांच पड़ताल होगी। इसके लिए आप दोनों को वीडियो कॉल पर बने रहना होगा। जांच में सहयोग करना होगा। नहीं तो ED कार्रवाई करेगी और आपका पूरा परिवार बर्बाद हो जाएगा। आपके पास जो रुपए वगैरह हैं, जो फिक्स डिपोजिट हैं, सभी को तोड़कर बताए खाते में भेजना होगा। सबकी जांच पड़ताल होगी। लॉ एंड ऑर्डर SDPO मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि बुजुर्ग दंपत्ति रुपए भेजने के लिए 27 लाख रुपए की फिक्स डिपोजिट भी तोड़ दिए थे। लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस पहुंच गई और बचा लिया। फिलहाल दोनों का रेस्क्यू कर लिया गया है। मामला दर्ज कर के छानबीन की जा रही है।
बुजुर्ग दंपत्ति को 5 दिनों तक रखा हाउस अरेस्ट:पत्नी के साथ दुर्गा पूजा में मुंबई से पटना आए थे, 27 लाख रुपए की फिक्स डिपोजिट भी तोड़ा
