फतेहाबाद जिले के टोहाना में बस स्टैंड के सामने एक कॉलोनी में 10 वर्षीय बच्चे के अपहरण का प्रयास किया गया। अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे को कंबल से ढकने की कोशिश की, लेकिन बच्चा भागने में सफल रहा। परिजनों ने इस संबंध में शहर पुलिस को शिकायत दी है और कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार बस स्टैंड के सामने बनी एक कॉलोनी के इशाल गोयल का 10 वर्षीय भाई भावेश घर के पास स्थित डेयरी से लस्सी लेने गया था। भावेश के पीछे एक कंबल से मुंह ढका हुआ व्यक्ति आया और उसने बच्चे पर कंबल डालने का प्रयास किया। भावेश ने तुरंत वहां से भागकर अपनी जान बचाई। परिजनों ने पुलिस को फुटेज सौंपी आरोपी व्यक्ति तुरंत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल शहर पुलिस को दी गई। इशाल गोयल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और उनकी मांग है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि वह भविष्य में ऐसी हरकत न कर सके। भावेश के पिता राजेंद्र ने भी पुष्टि की, कि उनके बेटे के अपहरण का प्रयास किया गया था, जिसकी सीसीटीवी फुटेज और शिकायत पुलिस को सौंप दी गई है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि लिखित शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टोहाना में 10 साल के बच्चे के अपहरण की कोशिश:कबंल लपेटकर घूम रहा था व्यक्ति; भागकर बचाई अपनी जान
