हरियाणा के नूंह में ATM लूट के आरोपी को लेकर जा रही मेघालय पुलिस को लोगों ने घेर लिया। लोगों ने युवक को छुड़ाने की कोशिश की। मेघालय पुलिस ने लोगों को दूर हटाने के लिए फायरिंग की, जिसमें एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सिकरावा-भादस रोड पर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के समझाने के बाद लोगों ने करीब एक घंटे बाद जाम खोल दिया। गुस्साए ग्रामीण फायरिंग करने वाले मेघालय पुलिस के कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वाजिदपुर के राहुल खान को गिरफ्तार किया जानकारी के मुताबिक, मेघालय पुलिस 8 फरवरी को मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स के मावनगाप में एटीएम मशीन काटकर लाखों रुपए लूटने के मामले में मंगलवार को नूंह पहुंची थी। टीम ने पिनंगवा थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव से राहुल खान नाम के युवक को गिरफ्तार किया। मंगलवार को पुलिस की टीम ने राहुल को पुन्हाना कोर्ट में पेश किया। लोगों ने छुड़ाने की कोशिश की मंगलवार दोपहर बाद मेघालय पुलिस आरोपी राहुल खान को लूट से जुड़ी बरामदगी को लेकर वाजिदपुर गांव लेकर जा रही थी। रास्ते में सिकरावा-भादस रोड पर टीम को कुछ लोगों ने घेर लिया। मेघालय पुलिस ने उन्हें दूर हटने को कहा, लेकिन लोग गाड़ी के पास जमा हो गए। गोली लगने से युवक घायल इसी दौरान मेघालय पुलिस के एक कर्मचारी ने फायरिंग कर दी, जिसमें पूर्व सरपंच जुहूरखा के घर के सामने अपनी दुकान पर वेल्डिंग का काम कर रहे 22 वर्षीय तारिफ के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से तारिफ घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। तारीफ शादीशुदा है और उसका एक छोटा बच्चा भी है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने शाम को सिकरावा-भादस रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस बोली- आत्मरक्षा में फायरिंग की पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि राहुल को मेघालय पुलिस ने 5 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया था। पुलिस टीम राहुल को लेकर दिल्ली-मुंबई हाईवे की ओर जा रही थी। सिकराव और वाजिदपुर गांव के पास कुछ लोग पहले से ही खड़े थे, उन्होंने मेघालय पुलिस की गाड़ी को रोक लिया। टीम ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। जिसे गोली लगी है, उस युवक का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। अभी मेघालय पुलिस नूंह में ही है। किसी भी पक्ष की तरफ से शिकायत नहीं आई है।
मेघालय पुलिस की गिरफ्त से आरोपी छुड़ाने की कोशिश,VIDEO:नूंह में पुलिसकर्मी ने गोली चलाई, युवक घायल; भड़के ग्रामीणों ने जाम लगाया
