अंबिकापुर: कानफोड़ू साइलेंसर और बेलगाम रफ्तार बनी मुसीबत, बाइकर्स गैंग के आतंक से परेशान आमजन

Spread the love

शहरवासी बताते हैं कि बाइकर्स खासकर स्कूल के समय और बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार से बाइक चलाते हैं और आवाजाही वाले स्थानों पर साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालकर दहशत फैलाते हैं। विरोध करने पर ये आक्रामक हो जाते हैं, जिससे कई बार झड़प और हिंसक स्थिति बन चुकी है।

तेज रफ्तार और स्टंट की वजह से नगर में पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। बीते वर्ष तहसील कार्यालय के पास एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर योगगुरु उत्तम गुप्ता की मृत्यु हो गई थी। वहीं, स्थानीय बाइक मिस्त्री के इकलौते बेटे की जान भी इसी कारण जा चुकी है। ऐसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि यह समस्या केवल शोर या डर तक सीमित नहीं, बल्कि यह सीधे लोगों की जान-माल से जुड़ी हुई है।

नगरवासियों ने आज मंगलवार काे बताया कि गैंग के सदस्य छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और फब्तियां कसने जैसे कृत्य भी करते हैं। स्कूलों के आस-पास उनकी मौजूदगी से छात्राएं असहज महसूस करती हैं। इस दौरान की गई स्टंटबाज़ी न केवल बालिकाओं के लिए असुरक्षित माहौल बनाती है, बल्कि राहगीरों और खुद बाइकर्स के लिए भी जानलेवा साबित होती है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही और सतत निगरानी की कमी की वजह से ऐसे गैंग के हौसले बुलंद हैं। कभी-कभार की गई कार्रवाई भी केवल चालान तक सीमित रहती है, जिससे इन पर कोई स्थायी असर नहीं पड़ता।

“इस संबंध में सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र सिंह मंडावी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि, ऐसे बाइकर्स पर अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”