हरियाणा में आज घने कोहरे और कोल्ड-डे का अलर्ट:14 जिलों में असर; क्रिसमस के बाद ठंड और बढ़ेगी, नारनौल में 6°C तापमान

Spread the love

हरियाणा में हाड़ कंपाने वाली ठंड का दौर शुरू हो गया है। 26 दिसंबर तक घने कोहरे और कोल्ड-डे का रेड अलर्ट जारी किया गया है। आज और कल सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और उत्तर हरियाणा के जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सोनीपत व झज्जर में सुबह से घना कोहरा छाया है। फतेहाबाद में भी धुंध का असर दिखाई दे रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है क्रिसमस के बाद एकाएक ठंड और बढ़ेगी। हरियाणा में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार रात नारनौल 6.0°C के साथ राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। हालांकि औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2°C अधिक बना हुआ है, लेकिन आने वाले 4 दिनों में कोहरे और “कोल्ड-डे” की स्थिति जनजीवन को प्रभावित कर सकती है। आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह (मेवात), रोहतक और जींद में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। कोल्ड डे का क्या मतलब है
जब न्यूनतम तापमान 10°C से कम हो और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5°C नीचे गिर जाए, तो उसे ‘कोल्ड डे’ कहते हैं। 25 और 26 दिसंबर को हरियाणा के दो बड़े शहरों हिसार और गुरुग्राम दोनों इस स्थिति का सामना करेंगे। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान की बात करें तो गुरुग्राम 22.1°C के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं, जींद के पांडु-पिंडारा इलाके में अधिक नमी दर्ज की गई है। आने वाले 5 दिनों में ऐसा रहेगा मौसम
23-24 दिसंबर (यलो अलर्ट): सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और उत्तर हरियाणा के जिलों में ‘घना कोहरा’ छाए रहने की संभावना है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
25-26 दिसंबर (ऑरेंज और रेड अलर्ट): मध्य और दक्षिण हरियाणा के जिलों (रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी) में बेहद घना कोहरा और कोल्ड-डे की स्थिति रहेगी। यानी दिन में भी धूप नहीं खिलेगी और ठिठुरन बनी रहेगी।