सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ में कहा- सीएम सफेद टेबल पर बैठकर काला झूठ बोलते हैं। वह तो कुछ भी बोल देते हैं। नासमझ हैं, उन्हें कुछ पता ही नहीं है। फिल्म की तरह भाजपा एक साइड विलेन रखती है, खुद सामने नहीं आती। आरक्षण छीन रही है, बाजार को विदेशी कंपनियों के हवाले कर रही है और मुंह से स्वदेशी की बात करती है, लेकिन मन से विदेशी है। सपा प्रमुख ने बिना नाम लिए कहा कि ये उत्तराखंड से आए हैं, इन्हें वहीं भेज दिया जाए। घुसपैठिए हैं, ये विचारधारा से भी घुसपैठिए हैं। ये बीजेपी के सदस्य नहीं थे, ये घुसपैठियों के सदस्य थे। कोई बताएगा कि ये किस पार्टी के सदस्य थे? इन घुसपैठियों को कब हटाओगे? अफगान विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी की प्रेसवार्ता में महिला पत्रकार की एंट्री बैन होने के सवाल पर अखिलेश ने कहा- इस पर हम कुछ नहीं बोलेंगे, यह भारत सरकार का मसला है। अखिलेश यादव रविवार को लोहिया पार्क में डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद प्रेसवार्ता की। अखिलेश यादव की बड़ी बातें… 1- दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा’ अखिलेश ने NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा- भाजपा सरकार में दलितों पर अत्याचार के मामले सबसे अधिक हैं। हाल ही में वाल्मीकि समाज के बेटे की हत्या कर दी गई, लेकिन सरकार चुप है। भाजपा के जीरो टॉलरेंस के दावे झूठे हैं। असल में यह जीरो काम वाली सरकार है। पुलिस को सत्तारूढ़ दल के नेताओं के राजनीतिक हित साधने में लगाया गया है। झूठे मुकदमे, मनमर्जी की कार्रवाई सरकार का कामकाज बन गया है। 2- यूपी में भ्रष्टाचार हर विभाग में गहराई तक फैला
यूपी में भ्रष्टाचार हर विभाग में गहराई तक फैला है। शिक्षा से लेकर विकास तक हर क्षेत्र में लूट और बेईमानी है। एक लेखपाल के पास 100 करोड़ की संपत्ति होना, इस सरकार की असल तस्वीर दिखाता है। हजारों शिकायतें थानों में पहुंचीं, लेकिन FIR नहीं लिखी गई। 3- लखनऊ से कानपुर की दूरी नहीं घटी’ यह वही सरकार है, जो कहती थी कि कानपुर से लखनऊ 45 मिनट में पहुंच जाएंगे। मगर सच्चाई यह है कि विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा हो रहा। अधिकारी और अफसर बचाए जा रहे, जनता के मुद्दे अनसुने हैं। 4- JPNIC को हम बिकने नहीं देंगे अखिलेश ने कहा- सरकार JPNIC को बेचने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे। सरकार विकास कार्यों को खत्म करने और बर्बाद करने में लगी है। सरकार जातिवाद के आधार पर अधिकारियों की तैनाती कर रही है। कई जिलों में PDA का अधिकारी नहीं हैं। 5- PDA समाज के लोग जाग चुके हैं व्यापारियों से मुनाफा कमाने दो, फिर उन्हीं से चंदा लो, यही भाजपा का नया राष्ट्रवाद है। एक IPS की जान चली गई, सुप्रीम कोर्ट में जूता फेंका गया, कथावाचकों के बाल काटे गए। सरकार सिर्फ पॉलिटिकल शो करती रही है। जनता सब देख रही। PDA समाज के लोग जाग चुके हैं। अब समय आ गया है कि जवाब दिया जाए। 6- जनता बनाएगी समाजवादी सरकार पूरा इलेक्ट्रॉनिक बाजार चीन के हाथ में जा चुका है, फिर भी भाजपा ‘स्वदेशी’ का नारा देती है। आने वाले समय में जनता भाजपा की नाइंसाफी का जवाब समाजवादी सरकार बनाकर देगी। —————- ये भी पढ़िए… रविकिशन के फिल्मफेयर में आंसू छलके, VIDEO : बोले- 33 साल से इंतजार था, जिंदा रखने के लिए धन्यवाद महादेव गोरखपुर सांसद रवि किशन को फिल्म लापता लेडीज के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला है। शनिवार को जैसे ही फिल्मफेयर अवॉर्ड सेरेमनी में उनका नाम अनाउंस हुआ। उन्होंने झुककर लोगों को अभिवादन किया और मंच को प्रणाम किया। अवॉर्ड मिलने पर वह भावुक हो गए। अपनी फिल्म लाइन में अपनी जर्नी बताते-बताते उनकी आंखों से आंसू छलक गए। (पूरी खबर पढ़िए)
अखिलेश बोले- हमारे CM नासमझ, झूठ बोलते हैं:फिल्म जैसे भाजपा एक साइड विलेन रखती है, खुद सामने नहीं आती
