कानपुर जेल में बंद अखिलेश दुबे की बेटी और भाई को पुलिस ढूंढ रही है। बेटी सौम्या दुबे, भाई सर्वेश दुबे और अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ ग्वालटोली थाने की पुलिस ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया है। यह सभी वक्फ बोर्ड की अरबों रुपए की आगमन लॉन वाली संपत्ति को कब्जा करने के मामले में फरार चल रहे हैं। इन सभी के खिलाफ कोर्ट गैर जमानती वारंट (NBW) भी जारी कर चुका है। वहीं, दूसरी तरफ अखिलेश दुबे को जेल अस्पताल से बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है। जांच के दौरान पाया गया कि वह बगैर किसी गंभीर बीमारी के अस्पताल में आराम कर रहा था। एक न्यायिक अधिकारी की जांच के बाद उसे अस्पताल से बैरक में भेजा गया। अखिलेश, बेटी और भाई सहित 8 पर हुई थी FIR
नवाब इब्राहिम हाता परेड निवासी मोइनीद्दीन आसिफ जाह, शेख आसिफ जाह ने 13 अगस्त 2025 को ग्वालटोली थाने में अखिलेश दुबे समेत 8 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई थी। आरोप था कि सिविल लाइंस स्थित आगमन लॉन वाली करोड़ों की वक्त संपत्ति को अखिलेश दुबे, राजकुमार शुक्ला, सर्वेश दुबे, जय प्रकाश दुबे, सौम्या दुबे, शिवांश सिंह उर्फ पप्पू, इंस्पेक्टर सभाजीत समेत अन्य ने फर्जीवाड़ा करके जमीन पर कब्जा कर लिया है। जांच में ग्वालटोली थाने की पुलिस को आरोप सही मिले और पुलिस ने मामले में चार्जशीट भी दाखिल कर दी है। मरे हुए व्यक्ति के नाम से पावर ऑफ अटॉर्नी कराई
जमीन को कब्जा करने के लिए मरे हुए व्यक्ति के नाम से पावर ऑफ अटॉर्नी कराने के साथ ही गवाह भी बनाया गया है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद पुलिस ने कोर्ट से इन सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ NBW जारी कराया था। अब पुलिस ने मामले में फरार चल रहे अखिलेश दुबे के भाई सर्वेश दुबे, बेटी सौम्या दुबे, राजकुमार और जय प्रकाश के खिलाफ 25-25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। आरोपी हाजिर नहीं हुए तो कुर्क होगी प्रॉपर्टी
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया- इन सभी आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमों को लगाया गया है। जल्द ही इन्हें अरेस्ट करके जेल भेजा जाएगा। फरार आरोपियों के खिलाफ 25–25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है। अगर सामने नहीं आए तो आरोपियों की प्रॉपर्टी कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। अखिलेश दुबे और नारायण को अस्पताल से बैरक में भेजा
न्यायिक अधिकारियों ने शुक्रवार को DM जितेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस अफसरों के साथ जेल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान जेल अस्पताल, रसोई घर और बैरकों का निरीक्षण किया। सामने आया कि जेल अस्पताल में अखिलेश दुबे और नारायण भदौरिया बगैर किसी बीमारी के एडमिट हैं। जांच के बाद दोनों को बैरक में शिफ्ट कर दिया गया। जेल अधीक्षक बीडी पांडेय ने बताया- अखिलेश दुबे को बीमारी के चलते जेल अस्पताल में रखा गया था, लेकिन अब सामान्य होने के चलते बैरक में शिफ्ट किया गया है।
अखिलेश दुबे की बेटी-भाई 25 हजार के इनामी:जेल अस्पताल में आराम करता मिला ‘दुबे’, बैरक में शिफ्ट; सौम्या-सर्वेश की तलाश में छापेमारी
