योगी को संत कहने वाले मोईद को अखिलेश ने बुलाया:कहा- लखनऊ आओ, नुकसान की भरपाई करेंगे; अयोध्या गैंगरेप में जेल से छूटे

Spread the love

अयोध्या के चर्चित गैंगरेप केस में जेल से छूटे सपा नेता मोईद खान से शनिवार को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने फोन पर बात की। यह बात पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने कराई। अखिलेश ने मोईद खान को रमजान की मुबारकबाद दी। कहा, पार्टी शुरू से आपके साथ खड़ी रही है। आगे भी हर लड़ाई में साथ देगी। अखिलेश यादव ने मोईद खान को मुलाकात के लिए लखनऊ बुलाया है। गैंगरेप केस में मोईद खान को कोर्ट ने बरी किया है। वे 19 महीने जेल में रहने के बाद शुक्रवार को रिहा हुए। मीडिया से बातचीत में मोईद खान ने सीएम योगी को संत बताया था। कहा था कि मुख्यमंत्री को मेरी ही बिरादरी के कुछ लोगों ने गुमराह किया। पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने कहा, मोईद खान भाजपा सरकार के जुल्म, अत्याचार और फर्जी मुकदमों का शिकार हुए हैं। न्यायालय ने उन्हें बाइज्जत बरी किया है। 2 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए अखिलेश-मोईद की पूरी बातचीत… अखिलेश- मोईद जी…नमस्कार।
मोईद- नमस्कार, अध्यक्ष जी।
अखिलेश- पहले तो रमजान मुबारक हो आपको…।
मोईद- आपको भी…।
अखिलेश- पहले दिन से हम कह रहे थे कि आपके साथ बहुत अन्याय हो रहा है।
मोईद- जी… जी।
अखिलेश- जिस तरह से चीजे यहां पता चल रही थीं, ये साफ था आपके साथ अन्याय हो रहा है।
मोईद- जी।
अखिलेश- लेकिन अब आप परेशानी से निकल चुके हैं।
मोईद- कल मीडिया वाले आए थे, मैंने आपकी बात रखी कि उसको नहीं दिखाया, वो काट दिया।
अखिलेश- कोई बात नहीं…जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई करेंगे।
मोईद- आपने बोला, तब समझिए कि हमारा डीएनए आ गया, आप न कहते तो डीएनए आता नहीं, हम छूटते नहीं।
अखिलेश- आपका नुकसान बहुत किया, आपका सब तोड़ दिया।
मोईद- जी, सब तोड़ दिया है। हमाको सड़क पर ला दिया है।
अखिलेश- चिंता मत करिए, लखनऊ बुला लेंगे।
मोईद- आपका बहुत धन्यवाद। पहले दिन से आवाज उठा रही सपा
पवन पांडेय ने कहा, मामला सामने आने के बाद से ही सपा इसे अन्याय बताकर विरोध दर्ज कराती रही है। राजनीतिक द्वेष के चलते कार्रवाई की गई। सरकार करे सामाजिक-आर्थिक नुकसान की भरपाई
पवन पांडे ने कहा, भदरसा क्षेत्र का हर व्यक्ति जानता था कि मोईद खान निर्दोष हैं। उन्होंने मांग की कि उत्तर प्रदेश सरकार उनके सामाजिक और आर्थिक नुकसान की भरपाई करे। साथ ही उनका बकरी पालन व्यवसाय दोबारा शुरू कराने में मदद की जाए, ताकि वे सामान्य जीवन में लौट सकें। 19 महीने बाद जेल से आए थे बाहर
अयोध्या के चर्चित गैंगरेप केस में सपा नेता मोईद खान शुक्रवार को 19 महीने बाद जेल से बाहर आए। उन्होंने मीडिया से कहा, मुझे न्यायपालिका पर भरोसा था। हमें न्याय मिला है। सपा नेता ने कहा, CM योगी का आशीर्वाद रहा तो बेकरी फिर बनेगी। यह हमारे बच्चों के रोजगार का साधन है। पॉक्सो कोर्ट की जज निरुपमा विक्रम ने 29 जनवरी को मोईद खान को दोषमुक्त कर दिया था। अब गैंगस्टर एक्ट में भी सपा नेता को जमानत मिल गई है। जबकि उसके नौकर राजू खान को दोषी मानते हुए 20 साल की सजा सुनाई थी। मोईद के नौकर का DNA पॉजिटिव आया
पूराकलंदर में 29 जुलाई, 2024 को नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसमें सपा नेता मोईद खान और उसकी बेकरी में काम करने वाले नौकर राजू खान को आरोपी बनाया गया था। पुलिस की जांच के दौरान मोईद खान और उनके नौकर राजू खान का DNA टेस्ट कराया गया। रिपोर्ट में मोईद खान का डीएनए नेगेटिव, जबकि राजू खान का DNA पॉजिटिव आया। अदालत ने DNA रिपोर्ट समेत अन्य सबूतों का परीक्षण करने के बाद मोईद को दोषमुक्त करार दिया। वहीं नौकर राजू खान को 20 साल की सजा सुनाई। मोईद को कोर्ट में 4 पॉइंट पर फायदा मिला
मोईद का बचाव करने वाले वकील सईद खान ने एक मीडिया चैनल को बयान दिया कि DNA टेस्ट के नतीजे इस फैसले में सबसे अहम रहे। कोर्ट ने मोईद को निर्दोष माना है और ‘बाइज्जत बरी’ किया है। 1. कोर्ट के आदेश पर भ्रूण का DNA टेस्ट हुआ था, जो मोईद के DNA से मैच नहीं हुआ। 2. अभियोजन पक्ष ये साबित भी नहीं कर सका कि घटना कहां हुई थी। अभियोजन पक्ष ने रेप पीड़िता के समर्थन में कुल 13 गवाह पेश किए थे। 3. घटना के दौरान वीडियो बनाए जाने का दावा भी किया गया था, लेकिन कोई वीडियो सबूत के तौर पर कोर्ट में पेश नहीं किया गया। 4. पुलिस की तफ्तीश में घटनास्थल को लेकर भी विरोधाभास सामने आया है। पुलिस जांच में घटना के बेकरी के बाहर एक पेड़ के नीचे और बेकरी के भीतर होने का अलग-अलग दावा किया गया था। मोईद की बेकरी और कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चला था
यह मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने मोईद खान की बेकरी और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर कार्रवाई भी की थी। इसे लेकर उस समय राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ था। कोर्ट के फैसले के बाद मोईद खान के समर्थकों और परिवार वालों को बड़ी राहत मिली है। अब पूरा मामला विस्तार से…
पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में 12 साल की बच्ची से रेप की घटना हुई। आरोप लगा कि आरोपियों ने बच्ची का अश्लील वीडियो बना लिया। फिर लंबे समय तक ब्लैकमेल कर उसके साथ घिनौनी हरकत करते रहे। खुलासा 29 जुलाई, 2024 को तब हुआ, जब पीड़ित बच्ची 2 महीने की प्रेग्नेंट हो गई। बच्ची की मां ने सपा नेता (बेकरी मालिक) मोईद खान और उनके नौकर राजू के खिलाफ शिकायत दी। आरोप लगा कि पुलिस ने एक्शन नहीं लिया। विहिप, बजरंग दल के साथ निषाद पार्टी के लोगों ने घटना पर आक्रोश जताया। इसके बाद पुलिस ने मोईद खान और उसके नौकर राजू को गिरफ्तार किया। बच्ची 4 बहनों में सबसे छोटी है। पिता की 2 साल पहले मौत हो चुकी है। घर का गुजारा मां और बहनों की मजदूरी से चलता है। आरोप है कि लगभग ढाई महीने पहले लड़की खेत से मजदूरी करके लौट रही थी। रास्ते में उसे राजू मिला। उसने कहा कि बेकरी मालिक मोईद खान उसे बुला रहा है। वहीं उसके साथ गैंगरेप किया गया, फिर वीडियो बना लिया गया। —————————— ये खबर भी पढ़िए- मोईद का बेटा बोला- योगी को गलत फीडबैक दिया गया:अब्बू बेगुनाह तो गैंगस्टर कैसे; अयोध्या गैंगरेप में कोर्ट ने बरी किया था “अब्बू को कोर्ट ने बरी कर दिया, लेकिन आज भी लोगों को यकीन दिलाना पड़ता है कि मेरे वालिद ने रेप नहीं किया। मेरे पिता बेगुनाह तो गैंगस्टर का केस कैसे चल रहा है। पहली एफआईआर में अब्बू का नाम नहीं था, बाद में उनका नाम जोड़ा गया। सीएम योगी को यहां के लोकल नेताओं ने गलत फीडबैक दिया। रेप के आरोप लगने के बाद अब्बू रोते रहते थे। इसके बाद बेकरी और कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर एक्शन हुआ। कॉम्प्लेक्स मेरा था भी नहीं।” पढ़ें पूरी खबर