अखिलेश ने पूछा- गंगा पर इफ्तार क्यों नहीं कर सकते:बनारस में युवकों ने DM-SP की हथेली गरम नहीं की होगी, इसलिए कार्रवाई हुई

Spread the love

वाराणसी में गंगा में नाव पर रोजा इफ्तार करने वाले मुस्लिम युवकों की गिरफ्तारी पर अखिलेश यादव ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा- गंगा में रोजा इफ्तार नहीं कर सकते हैं क्या? ये सब हमारे-आपके बीच में दूरियां पैदा करने के लिए किया जा रहा है। लखनऊ में एक इफ्तार पार्टी में पहुंचे सपा प्रमुख ने कहा- डीएम, एसपी और एसओ को भी इफ्तारी देनी चाहिए थी। हथेली गरम तो पुलिस नरम। उन लोगों ने हथेली गरम नहीं की होगी, इसीलिए उन पर कार्रवाई हुई। दरअसल, बनारस में सोमवार को गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी हुई थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर 14 मुस्लिम युवकों को अरेस्ट किया था। अखिलेश की 3 बड़ी बातें पढ़िए- 1- ‘5-स्टार जहाज के मालिक पर क्या कार्रवाई हुई’ अखिलेश यादव ने कहा- प्रशासन ऐसी कार्रवाई सरकार को खुश करने के लिए कर रहा है। एक 5-स्टार जहाज चला था। उसमें महंगी-महंगी शराब रखी थी। उसके टॉयलेट का वेस्ट गंगा में जा रहा था। उस जहाज के मालिक पर क्या कार्रवाई हुई? उस समय जो गड्ढे खोदकर छोड़ गए थे, उसकी गंदगी गंगा में पहुंची। उस पर क्या एक्शन हुआ? 2- ‘जनता को सब मालूम है अफवाहजीवी कौन’
अखिलेश यादव ने कहा- एलपीजी गैस का संकट बढ़ रहा है। स्थिति ऐसी ही रही है तो आगे व्यापार पर बड़ा नुकसान पहुंचेगा। हम अफवाह नहीं फैला रहे हैं, हम जानकारी दे रहे हैं। जनता को मालूम है कि सबसे बड़ा अफवाहजीवी कौन है? सरकार को एलपीजी संकट दूर करने के लिए काम करना चाहिए। ग्रीन कॉरिडोर में गड्ढे को लेकर कहा- उनके लोगों ने रात में जाकर गड्ढे खोद दिए होंगे। इतना पैसा लगने के बावजूद भी गड्ढा हो गया। इन्हें गड्ढे पसंद हैं। 3- ‘बंगाल में SIR के नाम पर जनता बहुत परेशान हुई’ अखिलेश यादव ने कहा, ‘जब चुनाव उत्तर प्रदेश में होगा तो न डीजीपी हटेंगे, न होम सेक्रेटरी हटेंगे, न चीफ सेक्रेटरी हटेंगे। बंगाल में हटाया है, लेकिन जनता वहां पर ममता बनर्जी को चुनने जा रही है। बंगाल के लोगों ने भेदभाव देखा है। SIR के बहाने बहुत परेशान किया। अब भी परेशान किया जा रहा है। वोटर लिस्ट तैयार नहीं है। गोरखपुर में हत्या हो रही। हर दूसरे-तीसरे दिन वह वहीं रुकने जाते हैं। वहां हमेशा हत्या होती है। जब मुख्यमंत्रीजी गोरखपुर जाते हैं तो लॉ अलग ले जाते हैं और ऑर्डर अलग ले जाते हैं।’ इस मसले पर किसने क्या कहा, पढ़िए इमरान प्रतापगढ़ी ने बोले- यूपी पुलिस कानून के दुरुपयोग का कीर्तिमान बना रही
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने यूपी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने X पर लिखा- पुलिस मुसलमानों के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए उतावली दिख रही है। युवाओं का एक समूह नाव में बैठकर इफ्तार कर रहा था। बस इतने से किसी छुटभैये नेता की भावना आहत हो गई। उसकी तहरीर पर पुलिस ने 14 युवाओं को गिरफ्तार कर लिया। यूपी पुलिस कानून के दुरुपयोग का कीर्तिमान बनाना चाहती है। नरेन्द्र मोदी जी क्या यही है सबका साथ – सबका विकास का नारा। जिसमें मुसलमानों के नमाज पढ़ने और इफ्तार करने पर मुकदमा दर्ज होगा। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा बोले- ‘गंगा की पवित्रता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि- गंगा की पवित्रता का एक अलग भाव है। सनातन धर्म में उसे मां का रूप देते हैं। किसी को भी ऐसा करने से बचना चाहिए। कानून अपना काम कर रहा है।
रोजा इफ्तार के लिए एक स्थान विशेष है क्योंकि उसमें वेज और नॉनवेज दोनों होता है। मां गंगा को पवित्र मानकर लोग उसका आचमन करते हैं। उसके जल को भगवान पर चढ़ाते हैं। इसलिए जो भी भारत में रहता है, सभी को उसकी पवित्रता का ख्याल रखना चाहिए। ‘अब पढ़िए क्या है पूरा मामला… काशी में सोमवार को गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी की गई थी। इसमें आयोजकों ने रोजेदारों को फल और मेवे के साथ चिकन बिरयानी भी परोसी। इफ्तार पार्टी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड भी कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने लगा तो हिंदूवादी संगठनों की नजर पड़ी। वीडियो में चिकन बिरयानी की बात सामने आते ही भाजपा और हिंदूवादी संगठन भड़क गए। भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसके 8 घंटे के भीतर पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। ‘जाहिल नाव पर इफ्तार कर रहे थे’ बनारस में अंजुमन इंतजामिया मसाजिद के संयुक्त सचिव एसएम यासीन का कहना है कि कुछ जाहिल नाव पर रोजा इफ्तार कर रहे थे। इस्लाम में इसके लिए कहीं जगह नहीं है। इफ्तार एक शुद्ध धार्मिक कार्य है। यह कोई सैर या पिकनिक नहीं है। इफ्तार के बाद तुरंत मगरिब की नमाज जरूरी है। इन जाहिलों को इनके घरवालों ने क्या सिखाया है? इस्लाम को बदनाम करने का मौका दिया है। इस कृत्य की जितनी भी निंदा की जाए कम है। हम उम्मीद करते हैं कि आलिम भी इस विषय पर अपना विचार साझा करने की जहमत उठाएंगे। भाजपा और उनके कार्यकर्ताओं को ऐसा मौका आखिर इन जैसे जाहिल लोगों से ही तो मिलता है और वह मिल गया। ACP विजय प्रताप सिंह ने कहा- भाजयुमो के रजत जायसवाल ने शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब तक 14 लोगों को गिरफ्तारी हुई है। ———————- ये खबर भी पढ़िए- काशी में गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी, VIDEO:चिकन बिरयानी परोसी, हिंदू संगठन बोले- हडि्डयां नदी में फेंकीं; 14 गिरफ्तार काशी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी की गई। सोमवार को हुई इस पार्टी में आयोजकों ने रोजेदारों को फल और मेवे के साथ चिकन बिरयानी भी परोसी। साथ ही इफ्तार पार्टी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जल्द ही वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने लगा। पूरी खबर पढ़ें…