अहिरवाल की सियासी जंग- राव नरबीर आज रेवाड़ी आएंगे:दिग्गजों की घेराबंदी तेज; आरती राव चुप, बादशाहपुर में इंद्रजीत के दूत फहराएंगे ध्वज

Spread the love

हरियाणा में कड़कड़ाती ठंड के बीच दक्षिण हरियाणा यानी अहिरवाल की राजनीति का पारा अपने चरम पर है। दो दिग्गज नेताओं के बीच चल रहे शब्दबाणों ने सियासी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है। इसी खींचतान के बीच आज (रविवार) कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह रेवाड़ी आएंगे। वे यहां आसलवास स्थित मंदिर में आयोजित एक पुण्यतिथि कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। राव नरबीर के इस दौरे पर राजनीतिक पंडितों की पैनी नजर है, क्योंकि यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब ‘अपनों’ के बीच की जंग अब खुलकर सामने आने लगी है। इस बीच मंत्री आरती राव ने चुप्पी साध ली है। वहीं बादशाहपुर में गणतंत्र दिवस पर राव इंद्रजीत के दूत की ओर से तिरंगा फहराया जाएगा। यहां से राव नरबीर सिंह विधायक हैं। दिग्गज एक दूसरे के गढ़ में विरोधियों को चुनौती दे रहे हैं। एक-दूसरे के गढ़ में ‘घेराबंदी’ हैरानी की बात यह है कि सरकार ने राव नरबीर को तो मंत्री आरती राव के इलाके में गणतंत्र दिवस प्रोग्राम में चीफ गेस्ट बनाया है, वहीं सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की इसमें अनदेखी होने की बातें उठी हैं। वहीं अब राव इंद्रजीत भी मंत्री नरबीर सिंह को उसके हलके बादशाहपुर में घेरने की तैयारी में हैं। दोनों दिग्गज एक-दूसरे के प्रभाव वाले क्षेत्रों में जोर दिखा कर रणनीतिक संकेत दे रहे हैं। राव इंद्रजीत को मिली थी बड़ी जीत
बादहशापुर राव नरबीर सिंह की विधानसभा है। 2019 में भाजपा ने राव इंद्रजीत सिंह की टिकट काट दी थी। 2024 में राव नरबीर यहां से दूसरी बार विधायक बने। 2024 के लोकसभा चुनाव में राव इंद्रजीत सिंह को बादशाहपुर में ही सबसे बड़ी जीत मिली थी। सूत्रों का कहना है कि राव इंद्रजीत सिंह यहां स्वयं ध्वजारोहण करने की इच्छा व्यक्त की थी। जिसे सरकार ने सीधे मानने की बजाय यह जिम्मेदारी उनके दूत के रूप में विधायक लक्ष्मण सिंह को सौंप दी। आरती बोली- अब बोलने को कुछ नहीं बचा
आरती राव रविवार को अपनी दौरे के दौरान पोता गांव में थी। जहां एक सवाल के जवाब में आरती ने कहा कि इस मुद्दे पर राव साहब ने सबकुछ कह दिया है। मैं भी इस पर काफी बोल चुकी हूं। अब इस मामले में बोलने के लिए मेरे पास कुछ नहीं है। इससे पहले आरती ने रेवाड़ी में जी राम जी के कार्यक्रम और मानेसर में अपने पांच दिवसीय दौरे के पहले दिन राव इंद्रजीत सिंह के विरोधियों पर खुलकर हमला बोला था। मंदिर के कार्यक्रम में पहुंचेंगे राव नरबीर सिंह
राव नरबीर सिंह रविवार को गांव आसलवास में पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। गांव के मंदिर में महंत आजादनाथ योगी की 26वीं पुण्यतिथि मनाई जाएंगी। राव नरबीर सिंह जिसमें मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान उनका ग्रामीणों से मिलने का भी कार्यक्रम है।