रोहतक की जवाहर लाल नेहरू नहर में पहरावर-माइना हेड के बीच एक युवक पानी में डूब गया। नहर में खड़े युवकों ने कूदकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना के बाद शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान 27 वर्षीय श्रीकांत पुत्र निरंजन निवासी आगरा यूपी के रूप में हुई। श्रीकांत अपनी बुलेट बाइक लेकर नहर पर नहाने के लिए गया था। शाम के समय जब श्रीकांत नहर में नहाने उतरा तो पानी का बहाव तेज होने के कारण उसमें डूबने लगा। श्रीकांत ने डूबते समय बचाओ बचाओ की आवाज भी लगाई। युवकों ने कूदकर किया बचाने का प्रयास नहर में नहाने उतरे श्रीकांत की आवाज सुनकर पास में खड़े युवकों ने नहर में छलांग लगा दी। युवकों ने नहर में डूब रहे श्रीकांत को पहरावर-माइना हेड के बीच से बाहर निकाला, लेकिन तब तक श्रीकांत ने दम तोड़ दिया था। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। मामले की जांच में जुटी पुलिस शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने बताया कि एक युवक के नहर में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दी गई है। शव का आज पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।
नहर में डूबने से आगरा के युवक की मौत:रोहतक की पहरावर-माइना हेड के बीच मिला शव, पोस्टमॉर्टम आज
