फरीदाबाद शहर के एनआईटी नंबर-2 इलाके में देर रात बिजली बोर्ड ऑफिस के सामने स्थित एक टीन शेड में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि टीन शेड के अंदर रखा रामलीला का सामान,और रिक्शा चपेट में आ गया। देखते ही देखते कई लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। टीन शेड में खड़ी थी गाड़ियां स्थानीय लोगों ने बताया कि टीन शेड में और उसके आस-पास कई गाड़िया खड़ी हुई थी। जिनको वक्त रहते निकाल लिया गया। शेड के पास ही कई रिक्शा भी खड़े हुए थे। जिसमें से एक रिक्शा आग की चपेट में आ गया। फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 और फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ हादसा जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टीन शेड के पास लगे बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट हुआ था। जिससे निकली चिंगारी ने पास रखे ज्वलनशील सामान को आग की चपेट में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फरीदाबाद के NIT-2 में टीन शेड में लगी आग:रामलीला का सामान और रिक्शा जलकर राख; शॉर्ट सर्किट की आशंका
