महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में गांव घाटाशेर के पास नेशनल हाईवे 148-बी पर बुधवार रात सड़क हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर “मुर्दाबाद” के नारे लगाए। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों के बावजूद पुलिस और प्रशासन लापरवाह बना हुआ है। बुधवार रात करीब 9 बजे लॉजिस्टिक हब की ओर जा रही एक बोलेरो ने स्कूटी सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार हरिराम नामक व्यक्ति सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। व्यक्ति की हालत गंभीर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को उठाकर नारनौल नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों ने की नारेबाजी हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और नेशनल हाईवे 148-बी पर जाम लगा दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने “पुलिस मुर्दाबाद” के नारे लगाए और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि आए दिन इस सड़क पर दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। पुलिस के रवैये को ढुलमुल बताया सूचना मिलने पर निजामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस के रवैये को ढुलमुल बताया। आरोप है कि थाना प्रभारी ने कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों से बदतमीजी की और वीडियो बनाने से रोका, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। सदर थाना प्रभारी ने खुलवाया जाम बाद में सदर थाना प्रभारी नारनौल धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
नारनौल में सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम:कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, व्यक्ति घायल, पुलिस मुर्दाबाद के लगे नारे
