पानीपत में बंधक बनाकर महिला से गैंगरेप:पति से झगड़कर मदद के लिए परिचित को बुलाया, बोली-आरोपी ने चंडीगढ़ में दोस्तों संग की दरिंदगी

Spread the love

पानीपत के थाना किला क्षेत्र में महिला को बंधक बनाकर गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके एक परिचित ने मदद के बहाने पहले उसे नशीली चाय पिलाकर होटल में रेप किया और फिर चंडीगढ़ ले जाकर अपने दोस्तों के साथ मिलकर कई दिनों तक उसे बंधक बनाकर रखा और बार-बार दरिंदगी की। एक कॉलोनी निवासी पीड़िता (26) ने पुलिस को बताया कि 2 जनवरी की रात उसका अपने पति के साथ झगड़ा हो गया था, जिसके बाद वह अपनी नवजात बच्ची को लेकर घर से निकल आई। उसने मदद के लिए पति के जानकार नवीन गुज्जर को फोन किया। आरोपी नवीन उसे बाइक पर बैठाकर स्काई लार्क रोड स्थित एक होटल में ले गया। वहां उसने पीड़िता को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ रेप किया। चंडीगढ़ ले जाकर बनाया बंधक, दोस्तों ने भी किया रेप पीड़िता का आरोप है कि अगले दिन आरोपी उसे मायके छोड़ने के बहाने चंडीगढ़ ले गया। वहां एक फ्लैट पर जयदीप नामक व्यक्ति पहले से मौजूद था। आरोप है कि नवीन, जयदीप और वहां पहुंचे दो अन्य पुरुषों ने पीड़िता की इच्छा के विरुद्ध उसके साथ सामूहिक रेप किया। इस दौरान एक महिला आरोपी फ्लैट के बाहर पहरेदारी करती रही। आरोपियों ने पीड़िता को 8 जनवरी तक बंधक बनाए रखा, उसके साथ मारपीट की और उसे भूखा-प्यासा रखा गया। आरोपियों ने उसकी नवजात बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी। चंगुल से छूटकर पति को दी जानकारी 10 जनवरी को पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर निकली और अपने पति को फोन कर पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद उसका पति उसे चंडीगढ़ से वापस लाया। डर और बच्ची की तबीयत खराब होने के कारण शिकायत देने में कुछ दिनों की देरी हुई। पीड़िता ने यह भी बताया कि मुख्य आरोपी नवीन गुज्जर उसे यह कहकर धमका रहा है कि उस पर पहले से ही करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मामले की जांच कर रही पुलिस थाना किला पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी नवीन गुज्जर, जयदीप, दो अन्य अज्ञात पुरुषों और एक महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।