शपथ लेने के बाद पहली बार चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत हरियाणा में अपने पैतृक गांव आएंगे। वह पुराने हिसार जिले के पेटवाड़ गांव के रहने वाले हैं। हाल ही में हरियाणा सरकार ने हिसार से अलग करके हांसी को 23वां जिला बनाया है। अब उनका गांव हांसी जिले में आता है। उनके आगमन पर हिसार में 9 और 10 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम तय किए गए हैं। हालांकि 2 से 3 दिन में उनका शेड्यूल फाइनल हो जाएगा। मगर उनके आने की तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं। हरियाणा सरकार पहले से ही उनके कार्यक्रमों को लेकर हिसार प्रशासन से संपर्क बनाए हुए हैं। वहीं पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की तरफ से भी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही। हाईकोर्ट की कमेटी भी लगातार हिसार डिस्ट्रिक्ट कोर्ट से तालमेल बैठाकर उनके आगमन को लेकर लगातार बैठकें कर रही है। CJI हिसार बार के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे जहां वह अपने पुराने चैंबर को देखने आएंगे। इसके अलावा वह अगले दिन सुबह गांव में अपने स्कूल जाएंगे जहां वह बचपन में पढ़ा करते थे। हरियाणा सरकार स्टेट डिनर देगी
CJI के सम्मान में हरियाणा सरकार स्टेट डिनर होस्ट कर सकती है। इसके लिए हिसार के होटल लेमन ट्री को 9 जनवरी के लिए कोई भी बुकिंग नहीं लेने के लिए कहा गया है। होटल के सभी कमरों सहित बैंक्वेट को भी बुक किया जाएगा। इसके लिए होटल संचालक को बोल दिया गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी इस डिनर को होस्ट कर सकते हैं। हाईकोर्ट के करीब 50 न्यायधीश सहित कई वीवीआईपी इसमें शामिल हो सकते हैं। होटल संचालक मोहित अरोड़ा का कहना है कि अभी उनको फाइनल कुछ नहीं बताया है, मगर यह कहा है कि 9 जनवरी को आप कोई भी बुकिंग मत करना। सीजेआई डिनर में क्या खाएंगे, क्या मेन्यू रहेगा और कितने जनों का रहेगा अभी तय नहीं है। वह अगले दिन सुबह नाश्ता कर यहां से निकलेंगे। भाई बोले- पूरे गांव के लिए गौरव का पल
सीजेआई के भाई मास्टर ऋषिकांत ने बताया कि सीजेआई बनने के बाद उनके भाई सूर्यकांत पहली बार गांव आ रहे हैं। इसलिए पूरा गांव उनके आगमन पर स्वागत करेगा। गांव के स्कूल में दोपहर 12 बजे उनका सम्मान समारोह होगा। गांव की पंचायत उनका सम्मान करेगी। इस दौरान वह गांव में अपने पुराने दोस्तों, रिश्तेदारों और परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। वह अपने पैतृक आवास भी जाएंगे। इतना ही नहीं जिस स्कूल में वह बचपन में पढ़े उसी स्कूल के मैदान में अब उनका स्वागत होने जा रहे हैं। वह उस क्लास रूम में भी जाएंगे जहां जमीन पर बैठकर वह पढ़ा करते थे। हिसार बार में उनका कार्यक्रम होगा
हिसार बार प्रधान संदीप बूरा और सेक्रेटरी समीर भाटिया ने बताया कि 9 जनवरी की शाम 5 बजे सीजेआई सूर्यकांत हिसार बार में आएंगे। वह सीजेआई बनने के बाद पहली बार यहां बार में आ रहे हैं, तो उनके स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। वह लगातार प्रशासन और हाईकोर्ट की कमेटी के संपर्क में हैं। बार को पूरी तरह सजाया जाएगा। रंगरोगन करवाया जाएगा। हिसार बार की पार्किंग में हाई टी कार्यक्रम होगा। हाई टी कार्यक्रम में शाम को चाय के साथ हल्के-फुल्के नमकीन और मीठे व्यंजन परोसे जाएंगे। इस कार्यक्रम में वकीलों की पास के जरिए एंट्री होगी। वह हिसार बार में नए चैंबरों का शिलान्यास करेंगे और बार को संबोधित करेंगे। करीब दो घंट का शेड्यूल उनको मिला है। वह दो घंटे यहां रुक सकते हैं। हिसार के गवर्नमेंट कॉलेज में एलुमनी मीट में शिरकत करेंगे
शहर के राजगढ़ रोड स्थित गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में सीजेआई 10 जनवरी को एलुमनी मीट में बतौर चीफ गेस्ट शामिल होंगे। कार्यक्रम के लिए कॉलेज प्रशासन तैयारियों में जुटा है। सीजेआई सूर्यकांत इसी कॉलेज के वर्ष 1981 बैच के विद्यार्थी रहे हैं। कॉलेज प्रशासन को सीजेआई की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति भी प्राप्त हो चुकी है। कार्यक्रम में कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक और पूर्व प्राचार्य भी शिरकत करेंगे। इसके साथ ही कॉलेज से पढ़कर निकले विद्यार्थियों का पंजीकरण जारी है। कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि कार्यक्रम में करीब 2000 पूर्व विद्यार्थी शामिल होंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं और शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई जा रही है। पूर्व विद्यार्थी 9 जनवरी तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। हिसार से जस्टिस सूर्यकांत का विशेष जुड़ाव रहा… जस्टिस सूर्यकांत के बारे में उनके भाई की अहम बातें…
शपथ के बाद पहली बार अपने गांव आएंगे CJI सूर्यकांत:हिसार में अपने स्कूल और पुराने चैंबर में भी जाएंगे, हरियाणा सरकार स्टेट डिनर देगी
