मां-पत्नी की हत्याकर खोपड़ी का मांस खा गया:कुशीनगर में लाठी-डंडों से पीटा, ईंट से सिर कूचा; लोगों पर फेंके मांस के टुकड़े

Spread the love

कुशीनगर में एक युवक ने पत्नी और मां की हत्या कर दी। पहले दोनों को लाठी-डंडों से पीटा, फिर ईंट से सिर कुचलकर मार डाला। इसके बाद आरोपी ने दोनों की खोपड़ी का मांस निकालकर खा लिया। जब गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो वह उन पर मांस के टुकड़े फेंकने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छत पर बैठे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वारदात अहिरौली थाना क्षेत्र के परसा गांव की है। आरोपी का नाम सिकंदर गुप्ता (30) है। वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए— अब पढ़िए पूरा मामला गांव के बनवारी गुप्ता का बेटा सिकंदर गुप्ता मुंबई में शटरिंग का काम करता है। वो एक महीने पहले ही गांव लौटा था। परिवार में उसकी मां रूना देवी (60) और 4 बहने हैं। सभी बहनों की शादी हो चुकी है। उसकी शादी 4 साल पहले प्रियंका (28) के साथ हुई थी। पिता की मौत हो चुकी है। गांव के लोगों ने बताया कि सिकंदर शराब और गांजा पीता था। अक्सर अपनी पत्नी और मां से मारपीट कर हत्या करने की धमकी देता था। शनिवार को सिकंदर अपनी पत्नी को लेकर ससुराल देवरिया के सौना लक्ष्मण गांव गया था। वहां से रविवार को लौट रहा था। रास्ते में कुशीनगर के हाटा में मारपीट करने लगा। लोगों ने उसे डांटा तो वो पत्नी को घर लेकर आ गया। घर में उसने मां और पत्नी से मारपीट की और घर छोड़कर चला गया। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव छोड़ने के बाद वो 8 किलोमीटर दूर लक्ष्मीपुर गांव पहुंचा। वहां एक घर के बाहर शोर मचाकर दरवाजा पीटने लगा। ग्रामीणों की सूचना पर सिकंदर का साला सोनू मौके पर पहुंचा और उसे लेकर घर छोड़ा। पहले पत्नी फिर मां काे मारा सोनू ने बताया – प्रियंका मेरी ममेरी बहन थी। कल ही अपने मायके से यहां आई थी। मैंने घर जाकर सिकंदर को समझाया और मारपीट न करने की हिदायत दी। इसके बाद मैं चला गया। आज सुबह 8 बजे तक कोई बात नहीं हुई थी, लेकिन उसके बाद दोनों की हत्या की सूचना मिली। यहां आया तो पता चला कि छत पर सिकंदर ने मां और मेरी बहन को मार डाला। गांव के लोगों ने बताया कि 9 बजे के करीब पहले उसने पत्नी को सीमेंट के ईंट से मारा। जब मां बीच बचाव करने पहुंची तो छत पर ही उनकी भी लाठी डंडे पीटकर उसी ईंट से सिर कुचल दिया। मेन गेट अंदर से बंद करके छत पर बैठा वारदात से पहले उसने घर के मेन गेट को अंदर से बंद लिया था, ताकि उसे कोई पकड़ न सके। मां और पत्नी को मारने के बाद उसने छत पर शोर मचाया और दोनों के सिर के मांस के टुकड़े खाने लगा। जब लोग उसके घर के सामने पहुंचे और पकड़ना चाहा तो अंदर से गेट बंद देख लौट आए। इसके बाद आरोपी लोगों पर मांस के टुकड़े फेंकने लगा। सिपाही ने पीछे से जाकर पकड़ा, टांगकर नीचे लाए जब पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलने के लिए कहा तो आरोपी छत पर मुमटी की दीवार के सहारे बैठ गया। कहने लगा कि मुझे कोई पकड़ेगा तो यहीं से कूद जाऊंगा। इसके बाद पुलिस पड़ोसी के मकान की छत पर चढ़कर चुपके से उसे पकड़ने पहुंची। एक सिपाही पीछे से पहुंचा और उसे दबोच लिया। उसके बाद वो पुलिस से भिड़ने लगा और अन्य पुलिसकर्मी उसे टांगकर नीचे लाए। गिरफ्तार कर लिया। शादी से पहले सऊदी अरब काम करने गया था प्रधान पति अतुल ने बताया- वारदात के बारे में सोचकर भी डर लगता है, कोई अपनी मां और पत्नी की इस तरीके से कैसे मार सकता है। वो चार बहनों में ये इकलौता भाई है। उसकी बड़ी बहन बहन शीला है। उसके बाद प्रतिमा, शोभा हैं। तीन बेटियों की शादी पिता बनवारी कर गए थे। छोटी बहन सबीता की शादी तीनों बहनों ने मिलकर एक साल पहले की थी। आरोपी सिकंदर खुद शादी से पहले सऊदी अरब में काम करने गया था। 2 साल विदेश में काम करने के बाद पैसे कमाए और फिर अपनी शादी की। शादी के बाद पत्नी और मां को घर में छोड़कर वो मुंबई में काम करने चला गया था। दो महीने में घर आता था। हत्याकांड के बाद पूरे गांव में मातम छाया है। मृतक की बेटियों और सिकंदर की पत्नी के परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है। फिलहाल मामले में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उसकी बहन प्रतिभा ने भाई के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।