हरियाणा में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच अचानक अब डीजल की डिमांड बढ़ गई है। पेट्रोल पंपों पर डीजल की सेल रूटीन से ज्यादा हो रही है। उपभोक्ता जरूरत से ज्यादा डीजल स्टॉक कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर नजर रखना शुरू कर दिया है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने लेटर जारी कर सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करें और किसी भी उपभोक्ता को जरूरत से ज्यादा तेल न दें। पत्र में कहा गया है कि मौजूदा परिस्थितियों में उपभोक्ताओं द्वारा अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण किया जा रहा है, जिससे सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है। इसलिए पेट्रोल पंप संचालक यह सुनिश्चित करें कि तेल केवल सामान्य जरूरत के अनुसार ही दिया जाए। ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के हिसार जिला प्रधान राजकुमार सलेमगढ़ ने बताया कि प्रशासन ने उनको स्टॉक पूरा रखने को कहा है। तेल की कोई कमी नहीं है। डीजल के उपभोक्ता कुछ दिनों में बढ़ गए हैं। स्टॉक पर प्रशासन की नजर लेटर में यह भी चेतावनी दी है कि अगर कोई उपभोक्ता स्टॉक करने के उद्देश्य से अधिक मात्रा में पेट्रोल या डीजल लेता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। गैस की कमी के चलते ढाबों और छोटे होटलों ने डीजल से चलने वाली भट्ठियां जलानी शुरू कर दी हैं, जिससे पेट्रोल पंपों पर डीजल की बिक्री बढ़ गई है। इसके अलावा आगामी फसल को लेकर भी किसान व जमींदार डीजल का स्टॉक कर रहे हैं। गैस का स्टॉक 20% रखने के आदेश खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता विभाग ने ऑर्डर जारी कर कहा है कि अस्पतालों, स्कूलों और कॉलेजों जैसी जरूरी जगहों पर LPG गैस की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सरकार ने हर जिले के DC की अगुआई में एक कमेटी बनाई है। कमेटी में जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP), चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) और डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर (DEO) भी होंगे। डिस्ट्रिक्ट फूड सप्लाई कंट्रोलर (DFSC) इस कमेटी के सेक्रेटरी होंगे। यह कमेटी जिले में मौजूद कॉमर्शियल LPG गैस की उपलब्धता देखकर यह तय करेगी कि किसे प्राथमिकता के आधार पर गैस दी जाए। DFSC रोजाना ये भी देखेंगे कि तेल कंपनियां ठीक से गैस पहुंचा रही है या नहीं, ताकि जिले में हमेशा 20% गैस का स्टॉक रहे। अगर किसी के घर में शादी है तो उन्हें जरूरत के हिसाब से सिलेंडर मिलेंगे। खासकर बेटियों की शादी होने पर प्राथमिकता दी जाएगी।
हरियाणा में गैस के बाद पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पर नजर:सभी पंप संचालकों को आदेश, जरूरत से ज्यादा तेल न दें, डीजल की डिमांड बढ़ी
