यमुनानगर शहर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के बाद एक गंभीर हमला सामने आया है। कार्यक्रम के बाद दुकान की छत पर बैठे युवकों पर 10–12 युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। सभी हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि उसके साथ बैठे दो युवकों ने ही अन्य हमलावरों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। साथ ही हमलावरों ने कार्यक्रम से लौट रही संत समाज की गाड़ियों पर भी पथराव कर नुकसान पहुंचाया। हमले में घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी आर्यन और कर्ण, निवासी कलानौर, के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। रात साढे 12 बजे के करीब हुआ हमला पीड़ित गौरव कुमार निवासी गांव मांडखेड़ी की टपरियां (जगाधरी), ने बताया कि उसने “जीके रफ्रिजरेशन” नाम से अपनी दुकान मांडखेड़ी टपरियां रोड पर खेड़ा बाबा मोड़ के पास खोल रखी है। सोमवार को गांव में अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में एक सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसमें गांव के गणमान्य लोग और अंबेडकर युवा मंडल के सदस्य शामिल हुए थे। रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच वह अपनी दुकान की छत पर अपने दोस्तों अजय, आर्यन और कर्ण के साथ बैठा हुआ था, तभी अचानक नीचे से 10–12 अज्ञात युवक मुंह ढककर और हाथों में डंडे लेकर वहां पहुंचे और आते ही गौरव और उसके दोस्त अजय पर हमला कर दिया। हमलावर अधमरा छोड़कर हुए फरार हमलावरों ने उनके सिर पर डंडों से वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान उनके साथ बैठे आर्यन और कर्ण मौके से कहां चले गए, इसका उन्हें कोई पता नहीं चला। शोर मचाने पर हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने घायल युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उन्हें जानकारी मिली कि वही हमलावर गांव में आयोजित कार्यक्रम से लौट रहे संत समाज के लोगों की गाड़ियों पर भी पथराव कर चुके थे। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस शिकायतकर्ता ने शक जताया कि इस हमले में गांव के ही आर्यन पुत्र तारा चंद और कर्ण निवासी कलानौर का हाथ हो सकता है। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना शहर जगाधरी में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
यमुनानगर में अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के बाद बवाल:संतों की गाड़ियों पर पथराव, छत पर बैठे युवकों पर बोतलों से हमला
