सोनीपत जिले में एक महिला ने एक व्यक्ति पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए, सोने-चांदी के जेवर हड़पने और नशीला पदार्थ पिलाकर रेप करने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में बताया कि पहले उसे सरकारी सहायता दिलाने और फिर पुलिस विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया गया। विश्वास में लेकर उससे फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक एफडी तुड़वाई गईं, लाखों रुपए खाते से निकलवाए गए और बाद में अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। पीड़िता ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। सरकारी योजना के नाम पर भरोसा जीतने की साजिश सोनीपत के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में बताया है कि उसकी मुलाकात सोनीपत के गांव निजामपुर माजरा के रहने वाले एक व्यक्ति मुलाकात हुई थी। आरोप है कि व्यक्ति ने उसे बताया कि विधवा महिलाओं को सरकार की ओर से सहायता राशि मिलती है और वह उसकी गरीबी रेखा का प्रमाण पत्र बनवा सकता है। इस प्रक्रिया के नाम पर उससे 10 हजार रुपए ले लिए गए। महिला ने बताया कि आरोपी की ‘सेटिंग’ होने की बात सुनकर उसने उस पर भरोसा कर लिया। पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा कुछ समय बाद व्यक्ति ने महिला को पुलिस थाने में नौकरी दिलाने का लालच दिया। उसने दावा किया कि उसका रिश्तेदार हरियाणा पुलिस में कार्यरत है और अधिकारियों से सीधा संपर्क है। नौकरी लगते ही 35 हजार रुपए मासिक वेतन मिलने की बात कही गई और इसके बदले 4 लाख रुपए मांगे गए। आरोप है कि बेरोजगारी और बेहतर भविष्य की उम्मीद में महिला उनके झांसे में आ गई। फर्जी हस्ताक्षर से तुड़वाई गईं एफडी महिला ने आरोप लगाते हुए शिकायत में बताया है कि उसके पास इतनी बड़ी रकम नहीं थी, लेकिन परिवार की 5 एफडी थीं। आरोप है कि आरोपी उसे बैंक लेकर गया, जहां फर्जी हस्ताक्षर और नकली एफिडेविट के आधार पर एफडी तुड़वाई गईं। बैंक से निकली पूरी राशि महिला के खाते में जमा करवाई गई, जिसके बाद अगले दिन 2 लाख रुपए निकलवाकर दूसरे बैंक खाते में जमा कर दिए गए। होटल में नशीला पदार्थ पिलाकर रेप का आरोप पीड़िता का आरोप है कि पैसे निकालने के बाद आरोपी उसे एक होटल में ले गया और जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। होश खोने की स्थिति में उसके साथ जबरदस्ती की गई। विरोध करने के बावजूद वह असहाय रही। कुछ घंटों बाद उसे शहर के एक चौक पर छोड़ दिया गया। अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग महिला का आरोप है कि बाद में आरोपी ने उसे दोबारा होटल बुलाकर रेप की वीडियो दिखाई और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। बदनामी के डर से वह चुप रही। इसी दबाव में उससे 15 अप्रैल से जून 2025 के बीच किस्तों में करीब 13 लाख 30 हजार रुपए और ले लिए गए। हर बार पैसे लेने के साथ उसके साथ रेप किए जाने का आरोप है। जेवरात भी हड़पे, फिर और घिनौनी मांग शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने घर में कार्यक्रम का बहाना बनाकर महिला से करीब 10 तोला सोना और लगभग एक किलो चांदी के जेवर भी ले लिए। जब महिला ने जेवर वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर और आपत्तिजनक मांग रखी। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में बताया गया है कि घटनाओं से मानसिक रूप से टूट चुकी महिला ने आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन बाद में परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों ने उसे हिम्मत दी और पुलिस के पास शिकायत करने को कहा। अब महिला ने पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है। कानूनी कार्रवाई की मांग महिला ने अपनी शिकायत में आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, रेप, ब्लैकमेलिंग, फर्जीवाड़ा और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिकायत की जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
सोनीपत में नशीला पदार्थ पिलाकर रेप का आरोप:नौकरी के नाम पर महिला से ₹13 लाख हड़पे, बोलीं-VIDEO से ब्लैकमेल किया
