जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ जिलेभर में ऑपरेशन साइबर हंट चलाया जा रहा है। इसी के तहत चितरी पुलिस को मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि एक व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ज्योतिष विद्या और भविष्यवाणी के नाम पर लोगों से ठगी करता है। इसी बीच, बांसवाड़ा निवासी निलेश पुत्र चांदमल जैन ने चितरी थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। निलेश ने अपनी शिकायत में बताया कि एक साल पहले उसके निजी जीवन में कुछ समस्या आ रही थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम आईडी चलाते हुए शिव कृपा ज्योतिष संस्थान द्वारा पोस्ट की गई स्टोरी रील को दिखा जिसमें जीवन एवं पारिवारिक समस्याओं के निवारण हेतु जन्म कुंडली का विश्लेषण कर उचित निवारण के उपाय बताए जाने की बात कही जा रही थी, जिस पर विश्वास करते हुए उक्त आईडी पर संपर्क किया तथा अपनी जन्म कुंडली विश्लेषण के लिए ऑनलाइन फीस का भुगतान कर दिया। जिसका स्क्रीनशॉट व अपना नाम, जन्म दिनांक, जन्म समय, स्थान आदि इंस्टाग्राम आईडी पर भेजा। इसके बाद प्रार्थी को 7 दिन की वेटिंग के बारे में बताया, प्रार्थी ने 7 दिन बाद कुंडली के बारे में पूछा तो कोई जवाब नहीं दिया तथा 15 दिन बाद पुनः संपर्क करने की बात की जिस पर प्रार्थी ने थक हारकर जन्म कुंडली विश्लेषण के लिए भुगतान की गई राशि लौटाने को कहा तो आरोपित ने प्रार्थी की इंस्टाग्राम आईडी को ब्लॉक कर दिया, जिस पर प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की तथा शिव कृपा ज्योतिष संस्थान से आईडी चलाने वाले चितरी निवासी कीर्तन लोहार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जिसमें कीर्तन लोहार ने देशभर में 200 से अधिक लोगों से ज्योतिष के नाम से दो करोड़ से अधिक की ठगी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया, जिस पर पुलिस ने आरोपित कीर्तन लोहार को गिरफ्तार किया। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि आरोपित दो वर्ष पहले सोशल मीडिया के नाम से आईडी बनाकर ठगी कर रहा है तथा उसकी आईडी पर 60 हजार से अधिक फॉलोअर्स भी है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है जिसमें अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
