कुरुक्षेत्र जेल में बाहर से 4 पैकेट फेंक आरोपी फरार:बोतल में तरल और पुड़िया भर रखी थी; अधिकारियों ने की जब्त

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिला जेल परिसर से 4 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेट के बीच से प्लास्टिक की 3 बोतल और 22 दवा के पत्ते मिले। बोतल के बीच में तरल और पुड़िया भर रखी थी, जिसमें नशा होने की आशंका है। इन पैकेट को जेल के बाहर से फेंका गया था। जेल गार्ड ने बाहर से किसी को पैकेट फेंकते देखा, तो तुरंत जेल प्रशासन को सूचना दी। जेल अधिकारियों ने पैकेट को जब्त करके पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस जेल और जेल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर रही है। बाहर से फेंके पैकेट जिला जेल के DSP रोहन हुड्‌डा के मुताबिक, सुबह करीब 7:15 बजे बुर्ज-5 पर तैनात वार्डर सुशील कुमार ने जेल के बाहर से किसी व्यक्ति को पैकेट फेंकते देखा। वार्डर ने उसे रोकने के लिए तुरंत आवाज लगाई, लेकिन तब तक आरोपी 4 पैकेट फेंककर मौके से भाग निकला। 3 बोतल और दवा बरामद वार्डर ने इसकी सूचना तुरंत जेल अधिकारियों तक पहुंचाई। अधिकारियों ने जेल परिसर में जाकर तलाश की और पैकेट बरामद किए। इसमें एक पैकेट और 3 प्लास्टिक बोतलें बरामद हुईं। तीनों बोतल पर टेप लिपटी हुई थी। कोला की 2 छोटी बोतल में द्रव्य भरा हुआ था। पैकेट से 22 ब्रूफेन के पत्ते मिले तीसरे बोतल में 6 पुड़िया मिली, जिसमें 5 छोटी और 1 बड़ी पुड़िया थी, जबकि पैकेट से 22 ब्रूफेन के पत्ते मिलें। इसमें कुल 220 गोलियां थीं। ये कैदियों तक नशीले पदार्थ पहुंचाने की कोशिश थी। इसे पुलिस के हवाले कर दिया। तरल और पुड़िया में नशीला पदार्थ होने की आशंका है। जांच के लिए भेजा- कमल कुमार सिटी थाना थानेसर के अंतर्गत सेक्टर-7 चौकी पुलिस के इंचार्ज कमल कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। जेल से बरामद तरल, दवा और पुड़िया को जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद साफ होगा, उनमें क्या चीज थी।