सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत

Spread the love

जानकारी के अनुसार, घाघरा गांव निवासी 24 वर्षीय रूप सिंह पाड़ेया और 26 वर्षीय सुरेश पाड़ेया एक ही बाइक पर सवार होकर कराईकेला बाजार की ओर जा रहे थे। सुबह करीब आठ बजे जैसे ही वे जोमरो-पुटसाई चौक के पास पहुंचे, बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में रूप सिंह के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी, जबकि सुरेश का पेट बुरी तरह फट गया।

दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

परिजनों ने बताया कि दोनों युवक सूरत में मजदूरी करते थे और दो सप्ताह पहले ही घर लौटे थे। तीन साल पहले रूप सिंह ने यह बाइक खरीदी थी। मंगलवार की सुबह वे रोजमर्रा का सामान खरीदने कराईकेला बाजार जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कराईकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोनों युवकों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजन और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।