रोहतक, 7 अक्टूबर । इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने आज ऐलान कर दिया कि किसी भी कीमत पर चौटाला परिवार अब एक नहीं होगा। यहां तक की उन्होंने तो यह भी कह दिया कि पत्रकार इस बारे में अब उनसे कोई सवाल भी न पूछे। यह बात कहते हुए उनकी आंखों से आंसू निकल आए। अभय सिंह चौटाला आज रोहतक में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे। साथ ही उन्होंने मौजूदा मुख्यमंत्री के जापान के दौरे को लेकर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश का किसान बर्बाद हो चुका है और ऐसे में मुख्यमंत्री को यात्राएं सूझ रही हैं। उनकी यात्रा से कोई फायदा नहीं होने वाला और जापान से कोई भी निवेश हरियाणा में नहीं आएगा।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आजकल चौटाला और देवीलाल परिवार के एक होने की चर्चाएं सोशल मीडिया पर बहुत चल रही है। इसलिए वह अपने कार्यकर्ताओं से यह पूछना चाहते हैं कि क्या चौधरी देवीलाल की पीठ में छुरा घोपने वाले रणजीत चौटाला को वह अपना नेता मान ले या फिर चौधरी ओम प्रकाश चौटाला की पीठ में छुरा घोपने वाले और आईएनएलडी की आने वाली सत्ता का खेल बिगड़ने वालों के साथ मिल जाए। जिसे कार्यकर्ताओं ने साफ तौर पर मना कर दिया। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के दम पर अकेले ही इन लोगों का कुनबा बढ़ाएंगे और आने वाली सत्ता एनएलडी पार्टी की होगी।
इससे पहले प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, शेर सिंह बड़शामी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलवान सुहाग, संगठन सचिव उमेद लोहान, महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला, विधायक अदित्य देवीलाल, करण चौटाला, विधायक अर्जुन चौटाला समेत राष्ट्रीय और राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेताओं समेत भारी तादाद में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में जलभराव की समस्या, फसल खरीद में देरी, बर्बाद फसल के मुआवजा में देरी और खत्म हो चुकी कानून व्यवस्था जैसी चार महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए गए।
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चौ. ओमप्रकाश चौटाला की गैर मौजूदगी के बावजूद मजबूत संगठन और कर्मठ कार्यकर्ताओं के बलबूते पर 25 सितंबर को इतनी बड़ी रैली की गई जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है।
