इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) चीफ अभय सिंह चौटाला ने राज्यसभा चुनाव को लेकर गन्नौर से निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि देवेंद्र कादियान ने इनेलो की छवि खराब करने की गंदी मंशा से कहा था कि नामांकन के वक्त इनेलो के दो विधायक भी मौजूद थे। जबकि, यह जग जाहिर है कि इनेलो का कोई विधायक नहीं गया। पार्टी इस बयान को लेकर निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान को कानूनी नोटिस भेजेगी। या तो कादियान सबूत पेश करें, वरना कोर्ट में माफी मांगनी पड़ेगी। क्रॉस वोटिंग पर भूपेंद्र हुड्डा पर उठाए सवाल राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर अभय सिंह चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मतदान के दिन 3 बजे तक कुल 87 वोट डाले जा चुके थे, जिसमें कांग्रेस के भी सभी विधायक वोट डाल चुके थे। उस समय तक विधानसभा स्पीकर और इनेलो के दो वोट समेत 3 वोट नहीं डाले गए थे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव में पोलिंग एजेंट थे। कांग्रेस के सभी विधायकों का वोट भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने देखा था। जब 3 बजे तक भूपेंद्र हुड्डा को पता चल गया था कि कांग्रेस के विधायकों ने अपने वोट क्रॉस और कैंसिल किए हैं तो फिर भूपेंद्र हुड्डा ने समय रहते उनके नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए। इसके पीछे भी बहुत बड़ा राज है। हुड्डा पर बीजेपी को जिताने का आरोप लगाया उन्होनें कहा कि भूपेंद्र हुड्डा बीजेपी के उम्मीदवार को जिताने में लगा था। भूपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस के ही दलित उम्मीदवार को हराने की साजिश की थी। हमने किसी भी कीमत पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार को वोट नहीं देना था और अगर भूपेंद्र हुड्डा क्रॉस वोट की जानकारी दे देते तो हमारे दोनों वोट कांग्रेस के दलित उम्मीदवार को देते। उन्होनें कहा, कांग्रेस क्रॉस वोटिंग वालों के नाम तो बता रही है। लेकिन चार रद्द होने वाले विधायकों के नाम भी बताएं। क्रॉस वोटिंग और वोट रद्द करने वाले सभी विधायक हुड्डा के चहेते हैं। अभय बोले- हमारी पार्टी का हम करेंगे, सीएम नहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी पर भी पलटवार करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इनेलो को कांग्रेस की बी टीम बताया था। हमारे विधायकों के वोट का फैसला हमारी पार्टी करेगी। उन्होनें कहा कि या तो मुख्यमंत्री अपनी बात को साबित करे, नहीं तो उनको भी कानूनी नोटिस भेजा जाएगा। जब भी मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात होगी तो उनसे जवाब मांगूंगा। बोले- पंजाब में बीजेपी का नाश करेंगे नायब सैनी मुख्यमंत्री नायब सैनी के पंजाब दौरे पर अभय सिंह ने कहा कि नायब सैनी पंजाब में भी बीजेपी का नाश करेंगे। पंजाब में जाकर वो कहते हैं कि पंजाब की कानून व्यवस्था खराब है लेकिन हरियाणा में आज कानून व्यवस्था का कितना बुरा हाल है वो उन्हें दिखाई नहीं देता। अब तो भाजपा नेताओं को भी फिरौती की धमकियां मिल रही हैं। कल ही एक बीजेपी के नेता को 10 करोड़ रूपए की रंगदारी की धमकी मिली है। लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तार नहीं हुआ क्योंकि यह सब सरकार के संरक्षण में चल रहा है।
विधायक देवेंद्र कादियान को अभय चौटाला की चेतावनी:बोले- माफी मांगे, नहीं तो लीगल नोटिस भेजेंगे; राज्यसभा चुनाव का मामला
