यमुना का अमोनिया वाला पानी लेकर भाजपा मुख्यालय जा रहे आआपा नेताओं को पुलिस ने रोका
नई दिल्ली, 30 जनवरी (हि.स.)। यमुना का अमोनिया वाला पानी लेकर गुरुवार को भाजपा मुख्यालय जा रहे आम आदमी पार्टी (आआपा) के वरिष्ठ नेता व सांसद संजय सिंह समेत अन्य नेताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। पुलिस ने क्षेत्र में निषेधाज्ञा (धारा 163) लागू होने का हवाला दिया। हालांकि संजय सिह ने स्पष्ट किया कि हम सिर्फ चार लोग ही हैं और किसी भी तरह से निषेधाज्ञा का उल्लंघन नहीं कर रहे हैं लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया।
संजय सिंह ने कहा कि यही पानी दिल्लीवालों को पिलाने की कोशिश की जा रही थी। अगर ये पानी जहरीला नहीं है तो गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा यह पानी पीकर दिखाएं। राहुल गांधी जो इनका समर्थन कर रहे हैं वह भी इसे पीकर दिखाएं।
दरअसल, गुरुवार को आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ नेता जस्मीन शाह, रीना गुप्ता, पूर्व मेयर शैली ओबेरॉय और अनुराग ढांडा अमोनिया युक्त पानी की बोतल अपने हाथ लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं को देने जा रहे थे। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक लिया और इलाके में निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला दिया। इस पर संजय सिंह ने कहा कि हम यहां किसी तरह का प्रदर्शन करने नहीं बल्कि केवल अमित शाह को एक पानी की बोतल देने आए हैं। अगर ये लोग हमें अंदर पानी पहुंचाने से रोक रहे हैं तो इसे खुद हमसे लेकर अमित शाह तक पहुंचा दें।
—————
