कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद क्षेत्र में देर रात हमलावरों ने थार से कुचल कर युवक की हत्या दी। बताया जा रहा है कि युवक शादी में शामिल होने के लिए आया था, जहां हमलावरों की युवक से DJ पर कहासुनी हुई थी। मृतक की पहचान पिहोवा के खेड़ी शीशगरां के साहिल के रूप में हुई है, जो कि करीब एक माह पहले ही अमेरिका से आया था। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शहर के सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है और घटना की जानकारी परिजनों को भी दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और परिजनों से भी घटना की रंजिश का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। शादी में शामिल होने आया था जानकारी के अनुसार शैमिन पंजरथ गुरु गोबिंद सिंह कॉलोनी ठसका रोड इस्माइलाबाद ने पुलिस को बताया कि उनका साला साहिल कुमार खेड़ी शीशगरां शादी के प्रोग्राम में शामिल होने आया था। प्रोग्राम में उनकी ही कॉलोनी का दीपांशु हवन डीजे पर डांस कर रहा था। डीजे पर गाने को लेकर दीपांशु और साहिल कुमार के बीच थोड़ी बहस हुई, जिसे दोनों पक्षों ने समझा दिया। प्रोग्राम चलता रहा, लेकिन रात 12:40 बजे साहिल कुमार, शैमिन पंजरथ, सिमरदीप सिंह, रमन नागपाल और विपुल बजाज चम्मू चौक पर खड़े थे, तभी सामने से काली थार कार HR 31 W 2645) आई और पूरी तेजी से साहिल कुमार को टक्कर मार दी। इसमें उनको भी चोटें लगी। गाड़ी दोबारा पीछे कर ऊपर चढ़ाई दीपांशु हवन ने गाड़ी रोकी, शीशा नीचे किया। शैमिन ने पूछा कि क्यों बंदे मारना है क्या। दीपांशु ने जवाब दिया, अच्छा बच गया और फिर गाड़ी पीछे करके दोबारा साहिल कुमार पर चढ़ा दी। इसके बाद वह भाग गया। गाड़ी में दीपांशु के साथ उसकी बहन रिम्पा हवन और उसकी मां (पीछे की सीट पर) भी थी। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस थाना इस्माइलाबाद के SHO जगदीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी दिवांशु के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 109(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अम्बाला शहर के सरकारी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
कुरुक्षेत्र में थार से कुचल कर युवक की हत्या:डीजे पर हुई थी कहासुनी; एक महीने पहले अमेरिका से लौटा
