फतेहाबाद जिले में पूर्व विधायक दुड़ाराम के पैतृक गांव एमपी रोही स्थित गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार देर शाम करीब 7:50 बजे बेअदबी का गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक पर गुरुद्वारा में प्रवेश कर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। सेवादारों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गुरप्रीत के रूप में हुई है, जो एमपी रोही गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गांव सालमखेड़ा के गुरनाम सिंह (कमेटी प्रधान) ने आरोपी लगाते हुए बताया कि गुरप्रीत गुरुद्वारा साहिब में प्रवेश करते समय अपने हाथ में शराब की बोतल और एक गिलास लिए हुए था, जिससे सेवादारों को उस पर संदेह हुआ। अंदर पहुंचते ही युवक ने दरबार साहिब में रखे रुमाला साहिब छेड़छाड़ की। इसके बाद वह सचखंड साहिब में जाकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप को उठाने की कोशिश करने लगा। सेवादारों ने तुरंत बुलाई पुलिस इस दौरान उसने बेअदबी का प्रयास भी किया। सेवादारों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए युवक को मौके पर ही काबू कर लिया। उन्होंने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। सब इंस्पेक्टर संजय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना सीसीटीवी में हुई कैद यह पूरी घटना गुरुद्वारा साहिब में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस इस फुटेज को जांच में शामिल कर रही है। घटना को लेकर सिख संगत में भारी रोष है। मामले पर चर्चा और गुरुद्वारा की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही है। नंगे सिर दरबार साहिब में प्रवेश- पुलिस सदर थाना फतेहाबाद के प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा एमपी रोही के प्रधान रणजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव का ही गुरप्रीत सिंह गुरुद्वारा साहिब में शराब की बोतल हाथ में लेकर तथा नंगे सिर दरबार साहिब में प्रवेश कर गया। आरोपी ने वहां रखे श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप को उठाकर ले जाने का प्रयास किया, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद बीबी अवराज कौर तथा कृष्ण ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। इसी दौरान सुनील व सम्पत सिंह भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ने में सहयोग किया। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।
फतेहाबाद में गुरुद्वारे में शराब की बोतल लेकर घुसा युवक:श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप को उठाकर भागने की कोशिश; सेवादारों ने पकड़ा
