करनाल में करंट लगने से युवक की मौत:खेत में कम्बाइक मशीन के ऊपर खड़ा था; तारों की चपेट में आया

Spread the love

करनाल जिले के गांव संगोहा में गेहूं की कटाई के दौरान एक हादसा हो गया। खेत में चल रही कम्बाइन मशीन के ऊपर खड़ा हेल्पर बिजली की तारों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कम्बाइन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खेत में चल रही थी गेहूं की कटाई शिकायतकर्ता संगोहा के ऋषीपाल सिंह ने बताया कि कल देर रात करीब 09 बजे उसके खेत में गेहूं की कटाई चल रही थी। इसके लिए उसने कम्बाइन मशीन लगाई हुई थी। कम्बाइन को गांव संगोही के निखिल पुत्र सतीश चला रहा था, जबकि उसका चाचा अंकित पुत्र सुरेश कुमार हेल्पर के रूप में मशीन के ऊपर खड़ा होकर काम कर रहा था। ऊपर से गुजर रही थी बिजली की तारें कटाई के दौरान खेत के ऊपर से बिजली की तारें गुजर रही थी। ऋषीपाल सिंह ने बताया कि उसने आवाज लगाकर चालक निखिल को सावधान करने की कोशिश की, कि ऊपर तारें हैं, लेकिन मशीन के शोर के कारण उसकी आवाज निखिल तक नहीं पहुंच पाई। जब कम्बाइन तारों के बिल्कुल नजदीक पहुंची, तो ड्राइवर निखिल तुरंत नीचे कूद गया, लेकिन ऊपर खड़ा अंकित बिजली की तारों की चपेट में आ गया। करंट लगते ही नीचे गिरा, अस्पताल में मौत करंट लगने से अंकित नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे तुरंत बरेजा कार में सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अंकित को मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ड्राइवर की लापरवाही, दी शिकायत ऋषीपाल सिंह ने अपनी शिकायत में हादसे के लिए ड्राइवर निखिल को जिम्मेदार ठहराया है। उसने कहा कि ड्राइवर ने सावधानी नहीं बरती और बिजली की तारों की ओर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को की गई है। सदर थाना में मामले की जांच सब इंस्पेक्टर नफे सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।