कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र के डल्ला माजरा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव बरामद हुआ। सूचना पाकर मौके पर पहुंचीं राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान की कोशिश की। पुलिस को युवक की जेब से रेलवे टिकट और मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल नंबर की जांच से मृतक की पहचान रोशन कुमार (19) प्रतापपुर गांव जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई। रोशन कुमार पंजाब के लुधियाना में कपड़े की फैक्टरी में काम करता था। रोशन एक अप्रैल को घर से लुधियाना जाने के निकला था, लेकिन रोशन लुधियाना तक पहुंच ही नहीं पाया। ट्रेन से गिरकर हुई मौत समोज कुमार निवासी प्रतापपुर ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे रोशन लाल की मौत ट्रेन से गिरकर हुई है। रोशन अपने गांव के ही दो दोस्तों के साथ लुधियाना के लिए चला था। उन्होंने लुधियाना के लिए दिल्ली से इकट्ठी टिकट ली थी। लेकिन ट्रेन में ज्यादा भीड़ होने की वजह से तीनों अलग-अलग डिब्बे में चढ़ गए। रोशन की मौत, दोस्तों को पता ही नहीं इस दौरान डल्ला माजरा के पास रोशन ट्रेन से नीचे गिर गया और चोटें लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। हालांकि उसके दोस्त अलग डिब्बों में थे। इसलिए उनको रोशन की मौत का पता नहीं चल पाया। कल उसे अपने बेटे रोशन लाल की मौत की सूचना GRP से मिली थी। पिता ने बेटे को फोन किया तो पुलिस ने उठाया उसने बेटे के मोबाइल पर कॉल किया तो पुलिस ने रोशन का फोन उठाया। तब उसे रोशन की मौत की सूचना दी। पहचान के लिए पुलिस ने उनके पास रोशन के शव की फोटो भेजी। पहचान होने के बाद वह अपने बड़े बेटे रवि कुमार के साथ मॉर्चुरी पहुंचे। उधर, GRP ने इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया।
कुरुक्षेत्र में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत:झारखंड का रहने वाला, लुधियाना जा रहा, साथ जा रहे दोस्तों को पता ही चला
