मप्र: 7-8 सितम्बर को लगेगा पूर्ण चन्द्रग्रहण, भारत सहित कई देशों में देगा दिखाई

Spread the love

ग्रहण की शुरुआत 7 सितम्बर की रात 9.56 बजे होगी और यह मध्य स्थिति 11.41 बजे पहुंचेगा। उस समय चन्द्रमा का 136.8 प्रतिशत भाग पृथ्वी की छाया से ढका हुआ दिखाई देगा। पूर्ण चन्द्रग्रहण की यह स्थिति लगभग डेढ़ घंटे तक बनी रहेगी। इसके बाद धीरे-धीरे चन्द्रमा छाया से मुक्त होना शुरू करेगा और 8 सितम्बर की रात 1.26 बजे ग्रहण समाप्त हो जाएगा। यह खगोलीय घटना भारत सहित अंटार्कटिका, पश्चिमी प्रशांत महासागर, ऑस्ट्रेलिया, एशिया, हिन्द महासागर और यूरोप के बड़े हिस्सों में देखी जा सकेगी। खास बात यह है कि इस बार पूरा चन्द्रग्रहण भारत से भी स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।

वेधशाला में रहेगी विशेष व्यवस्था

शासकीय जीवाजी राव वेधशाला के अधीक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रकाश गुप्त ने बताया कि इस ग्रहण को दिखाने की विशेष तैयारी की जा रही है। यदि मौसम साफ रहा और आकाश में बादल नहीं छाए तो आमजन को टेलीस्कोप और प्रोजेक्टर की मदद से यह अद्भुत दृश्य देखने का अवसर मिलेगा।

क्या होता है चन्द्रग्रहण

वैज्ञानिकों के अनुसार चन्द्रग्रहण की स्थिति तब बनती है जब पृथ्वी, सूर्य और चन्द्रमा के बीच आ जाती है। इस स्थिति में पृथ्वी की छाया चन्द्रमा पर पड़ती है। जब पूरा चन्द्रमा पृथ्वी की छाया में ढक जाता है, तो इसे पूर्ण चन्द्रग्रहण कहा जाता है। इस दौरान चन्द्रमा प्राय: गहरे लाल या ताम्रवर्णी रंग में दिखाई देता है।