मानसिक रोग से ग्रस्त 12 वर्षीय बच्चे के साथ मां ने 13वीं मंजिल से लगाई छलांग, दोनों की मौत

Spread the love

पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति महान अवस्थी ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र में स्थित ऐस सिटी सोसाइटी के एक टावर के 13वें फ्लोर पर रहने वाले सीए दर्पण चावला का 12 वर्षीय बेटा दक्ष चावला मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं था। शनिवार को वह अपने फ्लैट के बालकनी से नीचे की तरफ कूदने के लिए तेजी से भागा। उसकी मां साक्षी चावल (38 वर्ष) उसके पीछे गई। इसी बीच दक्ष ने नीचे छलांग लगा दिया। उसके बाद उसकी मां ने भी 13वीं मंजिल से नीचे छलांग लगाई। उन्होंने बताया कि इस घटना में दोनों मां- बेटे की मौत हो गई है। डीसीपी ने बताया कि घटना के समय दर्पण चावला अपने घर के दूसरे कमरे में थे।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को साक्षी चावला की डायरी में एक सुसाइड नोट लिखा हुआ मिला। जिसमें उन्होंने आत्महत्या के लिए स्वयं को जिम्मेदार बताते हुए लिखा कि उनके और उनके बेटे के आत्महत्या के पीछे किसी का कोई दोष नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि महिला अपने बेटे के मानसिक रोगी होने की वजह से परेशान थी ,तथा उन्होंने अपने बेटे के साथ खुद तेरहवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या किया है। उन्होंने बताया कि महिला के मायके वालों को घटना की सूचना दे दी गई है। अगर वे इस मामले में कोई शिकायत करेंगे तो पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच करेगी।